बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में शिरकत करेंगे 215 खिलाड़ी

108 पुरुष और 107 महिला खिलाड़ी शामिल
भारतीय खिलाड़ियों के परिधान का अनावरण
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
राष्ट्रमंडल खेल 2022 की शुरुआत 28 जुलाई से होनी है। इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत के 215 खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें 108 पुरुष और 107 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, इन खिलाड़ियों की मदद के लिए 81 सहयोगी स्टाफ (कोच, सहायक कोच, फिजियो, मैनेजर) भी बर्मिंघम के लिए रवाना होंगे। इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी जारी हो चुकी है।
नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी लॉन्च की गई। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने और खिलाड़ियों की जर्सी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो बहुत खुश हैं कि इस बार महिला और पुरुष खिलाड़ी बराबर संख्या में कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा बनेंगे। हालांकि, अधिकतर खेलों में अभी भी महिला खिलाड़ियों की संख्या कम है, लेकिन महिला क्रिकेट टीम को मौका मिलने की वजह से महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों के बराबर हो गई है। 
महिला क्रिकेट पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा बना है वहीं, पुरुषों क्रिकेट अभी भी कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल नहीं किया गया है। इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स 28 जुलाई से शुरू होकर आठ अगस्त तक चलेंगे। इंग्लैंड के बर्मिंघम में इन 12 दिनों तक काफी चहल-पहल रहेगी। इसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका सहित कई बड़े देश शामिल होंगे। भारत में अब तक कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन सिर्फ एक बार किया गया है। 2010 में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था और कुल 101 पदक जीतकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था। उस साल भारत ने 38 स्वर्ण पदक जीते थे। 

रिलेटेड पोस्ट्स