उड़नपरी पीटी ऊषा राज्यसभा के लिए मनोनीत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दी बधाई
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
उड़नपरी के नाम से विख्यात एथलीट पीटी ऊषा को राज्यसभा के लिए नामित किया गया है। पीटी ऊषा की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह राज्यसभा में खेलों के उत्थान की दिशा में अच्छे निर्णय लेंगी जिसका युवा पीढ़ी को लाभ मिलेगा।
खेलों से लगाव रखने वाला हर शख्स पीटी ऊषा को जानता है। पीटी ऊषा तीन ओलम्पिक खेलों  मॉस्को (1980), लॉस एंजिल्स (1984) और सियोल (1988) में शामिल हुईं लेकिन पदक पाने से चूक गईं। वह लाॅस एंजिल्स ओलम्पिक के फाइनल तक पहुंचीं। देश के लिए यह बड़ी उपलब्धि थी। उनसे पहले कोई भारतीय महिला एथलीट ओलम्पिक फाइनल में नहीं पहुंची थी। पीटी ऊषा ने एशियाई खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। साल 1991 में पीटी ऊषा ने वी. श्रीनिवासन से शादी की। कुछ साल ब्रेक के बाद 1998 में एथलेटिक्स में फिर से वापसी की।
महज 20 साल की उम्र में पीटी ऊषा को अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विश्व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। भारतीय ओलम्पिक संघ ने भी पीटी ऊषा को ‘स्पोर्ट्स पर्सन ऑफ द सेंचुरी’ और ‘स्पोर्ट्स वुमेन ऑफ द मिलेनियम’ के लिए नामित किया था। साल 2000 में भारत की इस सर्वश्रेष्ठ एथलीट ने करियर से संन्यास ले लिया। फिलवक्त पीटी ऊषा अपनी एकेडमी के माध्यम से युवा एथलीटों को तैयार कर रही हैं। इनकी एकेडमी की कई प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीत चुकी हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स