रोम में दुनिया देखेगी भारत के पहलवानों का दम

25 से 31 जुलाई तक होगी अंडर-17 विश्व कुश्ती स्पर्धा
खेलपथ संवाद
सोनीपत।
रोम में 25 से 31 जुलाई तक होने वाली अंडर-17 विश्व कुश्ती स्पर्धा हरियाणा के पहलवानों के लिए खास होगी। इस प्रतियोगिता में हरियाणा के 10 पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए सोनीपत के साई सेंटर में आयोजित ट्रायल में हरियाणा के पहलवान छाए रहे। टीम में चयनित 20 में से 10 पहलवान हरियाणा के हैं। 
कुश्ती में हरियाणा के पहलवान का दबदबा रहा है। प्रदेश के युवा पहलवान अंतरराष्ट्रीय फलक पर नाम चमका रहे हैं। सोमवार को प्रदेश के 10 पहलवानों का चयन अंडर-17 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के लिए हुआ है। भारतीय कुश्ती संघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने बताया कि 25 से 31 जुलाई तक इटली के रोम शहर में होने जा रही विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के लिए पुरुषों के ट्रायल सोनीपत के बहालगढ़ स्थित साई सेंटर में हुए। ट्रायल प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण स्वयं मौजूद रहे। साई सेंटर में पहुंचने पर क्षेत्रीय निदेशक ललिता शर्मा ने अध्यक्ष एवं सांसद बृजभूषण शरण का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। बृजभूषण शरण ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर ट्रायल का शुभारंभ किया। इस दौरान जयप्रकाश व प्रशिक्षक नरेंद्र मौजूद रहे।
फ्री-स्टाइल में हरियाणा के पांच पहलवान
कर्नाटक के निंगाप्पा (45 किलो), राजस्थान के ललित (48 किलो), हरियाणा के अरविंद (51 किलो), एसएससीबी के वैभव (55 किलो), तेलंगाना के निखिल (60 किलो), हरियाणा के अंकित (65 किलो), हरियाणा के नरेंद्र (71 किलो), हरियाणा के सचिन मोर (80 किलो), हरियाणा के साहिल जागलान (92 किलो) व पंजाब के जसपूर्ण (110 किलो) टीम के लिए चुने गए हैं।
ग्रीको रोमन में भी इतने ही पहलवान हरियाणा के
मध्यप्रदेश के नीरज (45 किलो), हरियाणा के रोनित शर्मा (48 किलो), दिल्ली के मनीष (51 किलो), हरियाणा के सूरज (55 किलो), चंडीगढ़ के यशवीर मलिक (60 किलो), हरियाणा के मोहित (65 किलो), हरियाणा के आकाश पूनिया (71 किलो), यूपी के मोहित खोखर (80 किलो), दिल्ली के रमनदीप (92 किलो) व हरियाणा के अमन (110 किलो) शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स