मेरठ की पारुल चौधरी ने छह साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

नौ मिनट के अंदर 3000 मीटर दौड़ पूरी करने वाली पहली भारती एथलीट
विश्व चैंपियनशिप में होंगी शामिल 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
मेरठ की पारुल चौधरी पहली भारतीय महिला हैं, जिन्होंने नौ मिनट से कम समय में 3000 मीटर की दौड़ पूरी की है। इसके साथ ही उन्होंने सूर्या लोगनाथन का छह साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। भारतीय धाविका पारुल चौधरी ने लॉस एंजिल्स में साउंड रनिंग मीट में यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा हैं। 
पारुल नौ मिनट से कम समय में 3000 मीटर दौड़ पूरी करने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। 27 वर्षीय चौधरी ने आठ मिनट 57.19 सेकेंड में रेस पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। स्टीपलचेज में माहिर पारुल चौधरी ने सूर्या लोगनाथन का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने नौ मिनट 04.5 सेकेंड में तीन हजार मीटर की दौड़ पूरी की थी। सूर्या ने छह साल पहले यह रिकॉर्ड बनाया था।
इस रेस में पारुल चौधरी शुरुआत में पीछे चल रही थीं, लेकिन आखिरी दो लैप में उन्होंने गति पकड़ी और देश के लिए पदक जीता। 3000 मीटर एक गैर-ओलम्पिक प्रतियोगिता है जिसमें आमतौर पर भारतीय एथलीट भाग नहीं लेते हैं। पारुल चौधरी इस महीने के अंत में अमेरिका के ओरेगॉन में शुरू होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए भी भारतीय टीम में हैं। वह महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में भाग लेंगी। उन्होंने पिछले महीने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण पदक जीता था।
 

रिलेटेड पोस्ट्स