मुम्बई के खिलाफ रजत पाटीदार ने भी जमाया सैकड़ा

सात पारियों ने बदल दिया मध्य प्रदेश का भाग्य
खेलपथ संवाद
बेंगलूरु।
मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी फाइनल में मध्य प्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार ने भी शतक (122) ठोक दिया। उनकी इस शतकीय पारी के चलते मध्य प्रदेश मजबूत स्थिति में पहुंच गया है और उसने मुम्बई पर बड़ी बढ़त ले ली है। इस सीजन में पाटीदार का यह दूसरा शतक है। चौथे नम्बर पर बल्लेबाजी करने आए पाटीदार ने जिम्मेदारी से खेलते हुए शतक लगाया। मध्य प्रदेश की पहली पारी में यह तीसरा शतक है, इससे पहले यश दुबे और शुभम शर्मा ने शतकीय पारियां खेली थीं।
रणजी ट्रॉफी 2022 में रजत पाटीदार मध्य प्रदेश के लिए संकटमोचक बनकर उभरे। उन्होंने अपनी टीम के लिए इस सीजन में कई अहम पारियां खेली हैं। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पंजाब के खिलाफ रजत पाटीदार ने 85 रन बनाए थे वहीं सेमीफाइनल मैच में बंगाल के विरुद्ध उन्होंने पहली पारी में 17 और दूसरे पारी में 79 रन बनाए। अब फाइनल में उन्होंने शतकीय पारी (122) खेली है। इन आंकड़ों से पता चलता है कि रजत पाटीदार ने अहम मुकाबलों में महत्वपूर्ण पारियां खेली हैं।
मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी फाइनल में रजत पाटीदार ने 164 गेंदों पर शतक पूरा किया, इस दौरान उन्होंने 17 चौके लगाए। उन्होंने मुंबई के गेंदबाजों को खूब छकाया। इस सीजन में यह उनका दूसरा शतक है। इससे पहले वह 142 रन की पारी खेल चुके हैं। इसके अलावा रजत ने 5 अर्धशतक भी लगाए हैं। कुल मिलाकर उनकी इन सात पारियों ने मध्य प्रदेश का भाग्य बदल दिया है, जिसके चलते 1953 के बाद मध्य प्रदेश इतिहास रचने की तरफ अग्रसर है।
रजत पाटीदार मौजूदा समय में बेहतरीन फॉर्म में हैं। इस सीजन में वह रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। वह अब तक 600 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनका आईपीएल फॉर्म रणजी ट्रॉफी में भी जारी रहा। आईपीएल 2022 में पाटीदार ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए कई अहम पारियां खेली थीं। जिसके चलते आरसीबी की टीम प्लेऑफ में क्वालीफाई करने में सफल रही। आईपीएल के 15वें सीजन में उन्होंने एक शतक सहित दो अर्धशतक लगाए। मुंबई ने अपनी पहली पारी में 374 रन बनाए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स