भारत में 2036 में हो सकते हैं ओलम्पिक खेल

रूस बोला- हर तरह की मदद को तैयार
अहमदाबाद को मिल सकती है मेजबानी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत को 2036 में ओलम्पिक खेलों की मेजबानी का मौका मिल सकता है। रूस ने कहा है कि 2036 में ओलम्पिक की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश करने में वह भारत की मदद करेगा। अगर भारत को 2036 ओलम्पिक की मेजबानी का मौका मिलता है तो पहली बार ओलम्पिक खेलों का आयोजन भारत में होगा। यूक्रेन पर आक्रमण के बाद रूस को वैश्विक तौर पर खेल जगत से बहिष्कृत किया गया है। ऐसे में रूस भारत की मदद के लिए तैयार है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति ही इस बारे में अंतिम फैसला लेगी कि 2036 ओलम्पिक की मेजबानी किसे दी जाएगी। 
इस बारे में कोई ठोस आधिकारिक कदम नहीं उठाए गए हैं, भारत ने अहमदाबाद में 2036 खेलों की मेजबानी के लिए बार-बार अपनी इच्छा जताई है। पिछले साल, भारतीय ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने एक अनूठी बोली का प्रस्ताव रखा था, जिसमें अहमदाबाद को केन्द्र में रखकर आसपास के शहरों में ओलम्पिक के आयोजन की बात कही गई थी। दो महीने पहले, गुजरात के महाधिवक्ता कमल त्रिवेदी ने गुजरात उच्च न्यायालय को बताया था कि "हम 2036 के ओलम्पिक की तैयारी कर रहे हैं और 2025 में ओलम्पिक समिति यहां का दौरा करेगी"। नरेंद्र मोदी स्टेडियम के उद्घाटन के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा था कि यह परिसर ओलम्पिक की मेजबानी करने में सक्षम है।
बुधवार को, भारत की अपनी यात्रा के दौरान, मैटिसिन ने एक मीडिया हाउस को बताया कि रूस बहुत खुश है कि भारत ओलम्पिक खेलों की मेजबानी की उम्मीद कर रहा है। उन्होंने कहा “अगर ओलम्पिक खेलों की मेजबानी जैसा सपना सच होता है, तो यह देश के स्थिर विकास के लिए एक और मानदंड होगा। हम हमेशा बातचीत के लिए तैयार हैं और ओलम्पिक खेलों की मेजबानी के अपने अनुभव को साझा करने के लिए तैयार हैं, और हमने ऐसा कई बार किया है, इसलिए यदि कोई निर्णय लिया जाता है, तो रूसी विशेषज्ञ भारत में ओलम्पिक खेलों के आयोजन में मदद करने में प्रसन्न होंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मैटिसिन ने विश्व फुटबॉल रैंकिंग में 35वें स्थान पर काबिज रूस और 104वें स्थान पर मौजूद भारत के बीच एक दोस्ताना फुटबॉल मैच का प्रस्ताव भी रखा। क्रोएशिया के पूर्व राष्ट्रपति कोलिंडा ग्रैबर-कितारोविक आईओसी आयोग के प्रमुख हैं जो 2036 खेलों के लिए मेजबान शहर का चयन करेगा। इसका चयन 2025 और 2029 के बीच किया जाएगा। रूस उन देशों में से एक था जिसने 2036 ओलम्पिक की मेजबानी में रुचि दिखाई थी। हालांकि, यूक्रेन पर आक्रमण के बाद रूस इस रेस से हट चुका है। मैटिसिन ने बताया कि 25 मई तक, अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों ने 2022-2023 के दौरान रूस में होने वाले 186 अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को रद्द या स्थगित कर दिया है, जिसमें 36 प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन शामिल हैं।"
लंदन के मेयर सादिक खान ने कहा था कि वो लंदन में ओलम्पिक का आयोजन करने के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति के साथ बातचीत कर रहे हैं। लंदन के अलावा इस्तांबुल, दोहा, जकार्ता, काहिरा, बर्लिन और तेल अवीव भी ओलम्पिक खेलों की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं। भारत ने 2024 और 2032 ओलम्पिक की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की थी, लेकिन अब तक भारत को ओलम्पिक की मेजबानी का मौका नहीं मिला है। अगले तीन ओलम्पिक के लिए मेजबान पहले ही तय हो चुके हैं - 2024 में पेरिस, 2028 में लॉस एंजिल्स और 2032 में ब्रिस्बेन में ओलम्पिक का आयोजन होगा। 

रिलेटेड पोस्ट्स