हररोज आधा किलो दही और 250 ग्राम घी खाती हैं दादी रामबाई

बड़ोदरा में बनाया राष्ट्रीय ओपन मास्टर्स एथलेटिक्स का रिकॉर्ड
खेलपथ संवाद
चरखी दादरी।
गांव कादमा निवासी 105 वर्षीय रामबाई ने साबित कर दिखाया है कि इंसान में अगर जज्बा और हौसला हो तो वह कुछ भी हासिल कर सकता है, चाहे उम्र कुछ भी हो। रामबाई की फिटनेस देख लोगों का पसीना छूट जाता है। वह हर रोज आधा किलो दही खाती हैं। पिछले दिनों बड़ोदरा में हुई राष्ट्रीय ओपन मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 100 मीटर रेस 45.40 सेकेंड में पूरी कर रामकौर का रिकार्ड तोड़ दिया और नया रिकार्ड बनाया है।  
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रामबाई की जीत पर बधाई दी है। रामबाई ने पिछले वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपनी तीन पीढ़ियों के साथ स्वर्ण पदक जीतकर रिकॉर्ड बनाया था। वे अपने परिवार में इस उम्र में खेलने वाली इकलौती नहीं हैं बल्कि इनके परिवार के अन्य सदस्य भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।  
रामबाई गांव की सबसे बुजुर्ग महिला हैं और उड़नपरी पड़दादी के नाम से मशहूर हैं। वह आमतौर पर खेत में और घर में भी काम करते दिखाई देती हैं। इस उम्र में भी वह सेहतमंद हैं और रोजाना 5 से 6 किलोमीटर तक दौड़ती हैं। रामबाई ने कच्चे रास्तों पर खेल की प्रैक्टिस की और खेतों का भी कार्य करती हैं। रामबाई सुबह 4 बजे उठकर अपने दिन की शुरुआत करती हैं, वह लगातार दौड़ और पैदल चलने का अभ्यास भी करती हैं। रामबाई का कहना है कि शरीर में जान ऐसे ही नहीं आती। वह चूरमा, दही खाती हैं और दूध भी खूब पीती हैं। उन्होंने बताया कि वे हर रोज 250 ग्राम घी, रोटी या चूरमे के रूप में लेती हैं और रोजाना आधा किलो से ज्यादा दही खाती हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स