रणजी ट्रॉफी के फाइनल में यशस्वी का शानदार पचासा

मुंबई ने पांच विकेट के नुकसान पर 248 रन ठोके
खेलपथ संवाद
बेंगलूरु।
रणजी ट्रॉफी 2021-22 सीजन का फाइनल मुकाबला मुंबई और मध्य प्रदेश के बीच खेला जा रहा है। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडिमय में हो रहा है। मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर मुम्बई ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 248 रन बनाए। पहले दिन की खास बात यशस्वी जायसवाल का शानदार पचासा (78) रहा।
मध्य प्रदेश टीम 88 सालों में दूसरी बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। 23 साल पहले मध्य प्रदेश की टीम को कर्नाटक के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उस समय चंद्रकांत पंडित मध्य प्रदेश के कप्तान थे और वह अब टीम के कोच हैं। रणजी ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन मुंबई ने पांच विकेट के नुकसान पर 248 रन बनाए। मुंबई की तरफ से यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 78 रन ठोके। उनके अलावा कप्तान पृथ्वी शॉ ने 47 रनों की पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने पर मुंबई के सरफराज खान 40 और शम्स मुलानी 12 रन बनाकर नाबाद लौटे। मध्य प्रदेश की ओर से सारांश जैन और अनुभव अग्रवाल ने दो-दो जबकि कुमार कार्तिकेय ने एक विकेट चटकाया।
पहले दिन के खेल की खासियत यशस्वी जायसवाल का पचासा रहा। उनका रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन जारी है। फाइनल की पहली पारी में वे 78 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले अंतिम तीनों पारियों में उन्होंने शतक जमाए थे। उन्होंने 3 साल पहले फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था लेकिन इसके बाद वे अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के कारण बाहर हो गए थे लेकिन इस बार मिले मौके को वे अपनी शानदार बल्लेबाजी से अकारथ नहीं करना चाहते।

रिलेटेड पोस्ट्स