अनफिट रानी रामपाल की भारतीय टीम से छुट्टी

ग्वालियर की इशिका चौधरी भी नहीं खेल पाएंगी विश्व कप
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक के बाद से ही अनफिट चल रही रानी रामपाल की भारतीय टीम से छुट्टी कर दी गई है वहीं उदीयमान हॉकी बेटी ग्वालियर की इशिका चौधरी को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है। हॉकी इंडिया ने विश्व कप महिला हॉकी टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है लेकिन उसे अगले ओलम्पिक को देखते हुए उम्रदराज खिलाड़ियों से तौबा करना चाहिए वरना होनहार बेटियों को तो मौका मिलना ही मुश्किल हो जाएगा। हॉकी इंडिया को टीम की गोलकीपर सविता पूनिया पर भी नजर रखनी चाहिए।
करिश्माई स्ट्राइकर और पूर्व कप्तान रानी रामपाल को मंगलवार को भारत की 18 सदस्यीय महिला हॉकी टीम से बाहर कर दिया गया जो अगले महीने एफआईएच विश्व कप में हिस्सा लेगी। गोलकीपर सविता पूनिया भारतीय टीम की अगुआई करेंगी। टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय टीम के चौथे स्थान पर रहने के दौरान टीम की कप्तान रही रानी को पैर की मांसपेशियों की चोट से उबरने के बाद बेल्जियम और नीदरलैंड के खिलाफ हाल में एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था। वह चोट के कारण टोक्यो ओलम्पिक खेलों के बाद से बाहर थीं।
टीम की हिस्सा होने के बावजूद रानी प्रो लीग के यूरोपीय चरण के दौरान शुरुआती चार मैच में नहीं खेलीं, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे और अंतत: उन्होंने विश्व कप के लिए जाने वाली टीम में जगह गंवा दी। रानी को जगह नहीं मिलने के बाद टीम में और कोई हैरानी भरा नाम नहीं है और भारत ने परखे हुए खिलाड़ियों को मौका दिया है। हाल के एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों में भारतीय टीम का हिस्सा रही डिफेंडर इशिका चौधरी और अक्षता अबासो ढेकाले, मिडफील्डर बलजीत कौर और स्ट्राइकर संगीता कुमारी को भी टीम में जगह नहीं मिली है। नीदरलैंड और स्पेन एक से 17 जुलाई तक विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेंगे। दीप ग्रेस एक्का टीम की उप कप्तान बनी रहेंगी।
भारत को पूल बी में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और चीन के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मैच तीन जुलाई को इंग्लैंड से खेलेगी जिसके खिलाफ उसने टोक्यो ओलम्पिक में कांस्य पदक का मुकाबला गंवाया था। लंदन में पिछले विश्व कप में भारतीय टीम को क्वार्टर फाइनल में आयरलैंड के खिलाफ शूट आउट में हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय कोच यानेक शॉपमैन ने कहा, ''हमने विश्व कप के लिए सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है। यह अनुभवी और युवा प्रतिभा का मिश्रण है जिन्होंने एफआईएच प्रो लीग में शीर्ष टीम के खिलाफ मौका मिलने पर शानदार प्रदर्शन किया।''उन्होंने कहा, ''चोट से पूरी तरह उबर पाने में नाकाम रही रानी के अलावा टोक्यो ओलम्पिक अभियान का हिस्सा रही सभी खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है जबकि ज्योति और सोनिका को भी शामिल किया गया है जिन्होंने मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन किया।'' पूल बी के मुकाबले स्पेन में खेले जाएंगे।
टीम इस प्रकार है: गोलकीपर: सविता (कप्तान), बिचू देवी खरीबाम। डिफेंडर: दीप ग्रेस एक्का, गुरजीत कौर, निक्की प्रधान, उदिता। मिडफील्डर: निशा, सुशीला चानू पुखरामबम, मोनिका, नेहा, ज्योति, नवजोत कौर, सोनिका, सलीमा टेटे। फॉरवर्ड: वंदना कटारिया, लालरेम्सियामी, नवनीत कौर, शर्मिला देवी। वैकल्पिक खिलाड़ी: अक्षता अबासो ढेकाले, संगीता कुमारी। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स