फिका की पहली महिला अध्यक्ष बनीं लिसा स्थालेकर

पूर्व दिग्गज महिला क्रिकेटर का भारत से नाता
वनडे में उनके नाम है रिकॉर्ड
दुबई।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर्स महासंघ (फिका) को नया अध्यक्ष मिल गया है। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला दिग्गज क्रिकेटर लिसा स्थालेकर फिका की पहली महिला अध्यक्ष बन गई हैं। स्विट्जरलैंड के नियोन में आयोजित फिका कार्यकारी समिति की बैठक में 42 साल की स्थालेकर के नाम पर मुहर लगी। स्थालेकर ऑस्ट्रेलिया की कप्तान भी रह चुकी हैं।
लिसा से पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज बैरी रिचर्ड्स, वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर जिमी एडम्स और हाल ही में इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज विक्रम सोलंकी यह पद संभाल चुके हैं। कोरोना महामारी के बाद फिका की यह पहली बैठक थी। फिका के कार्यकारी अध्यक्ष हीथ मिल्स ने कहा- हमें लिसा को अध्यक्ष बनाते हुए बेहद खुशी हो रही है।अध्यक्ष बनने के बाद स्थालेकर ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा- हम खेल के नये दौर में प्रवेश कर रहे हैं। अब चाहे पुरुष हो या महिला, दोनों ही काफी क्रिकेट खेल रहे हैं। क्रिकेट अब एक वैश्विक खेल बन रहा है। इसे पूरी दुनिया में पसंद किया जा रहा है। स्थालेकर का जन्म भारत के पुणे में ही हुआ था।
स्थालेकर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में ऑस्ट्रेलिया के लिए 187 मैच खेले हैं। स्थालेकर ने 125 वनडे मैचों में दो शतक और 16 अर्धशतक की मदद से 2728 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 146 विकेट भी लिए हैं। वह वनडे क्रिकेट में हजार रन बनाने और 100 विकेट लेने वाली पहली महिला क्रिकेटर थीं। इसके अलावा स्थालेकर ने आठ टेस्ट और 54 टी-20 अंतरराष्ट्रीय भी खेले हैं। उन्हें 2021 में ऑस्ट्रेलिया ने हॉल ऑफ फेम में शामिल किया था।

रिलेटेड पोस्ट्स