मलखम्भ में मध्यप्रदेश के पंकज का कमाल

पंकज गर्गमा ने 5 में से 3 गोल्ड जीते
12 पदकों के साथ मध्य प्रदेश बना ओवरऑल चैम्पियन
खेलपथ संवाद
चण्डीगढ़।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण में मध्य प्रदेश का प्रदर्शन बेशक अच्छा नहीं रहा हो लेकिन मलखम्भ में युवा खिलाड़ियों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियन होने का जरूर गौरव हासिल किया। मध्य प्रदेश ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में मलखम्भ खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 पदक अपने नाम किए। 
बता दें कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पहली बार मलखम्भ को शामिल किया गया और पहली ही बार में मध्य प्रदेश चैम्पियन बना है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मलखम्भ में मध्य प्रदेश ओवरऑल चैम्पियन रहा। उसने 5 स्वर्ण पदक समेत कुल 12 मेडल जीते। उज्जैन के खाचरौद के रहने वाले 18 साल के युवा खिलाड़ी पंकज गर्गमा ने 5 में से 3 गोल्ड अपने नाम किए। वे प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने खेलो इंडिया में एक दिन में तीन गोल्ड जीते हैं। पंकज ने पोल, रोप और ओवरऑल तीनों में 10 में से 9.10 अंक हासिल किए।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पोल मलखम्भ के फाइनल में मध्य प्रदेश की हर्षिता कण्डकर ने गोल्ड जीता तो एमपी की ही सिद्धि गुप्ता ने सिल्वर मेडल जीता। रोप मलखम्भ में हर्षिता, छत्तीसगढ़ की सरिता पायम के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कों में पोल मलखम्भ में इंद्रजीत नागर और प्रणव कोरी संयुक्त रूप से छत्तीसगढ़ के मोनू नेताम के साथ दूसरे स्थान पर थे। रोप मलखम्भ में पंकज गर्गमा ने शीर्ष स्थान हासिल किया, उसके बाद नागर दूसरे स्थान पर रहे। हैंगिंग मलखम्भ में भी पंकज ने गोल्ड मेडल जीता।
मध्य प्रदेश की इस उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मलखम्भ में कमाल का प्रदर्शन! खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश राज्य मलखम्भ अकादमी के युवा खिलाड़ियों को 12 पदक जीतकर ओवरऑल चैम्पियन बनने की हार्दिक बधाई। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार, जिन्होंने हमेशा इस पारम्परिक खेल का समर्थन किया व इसे 2005 में राज्य खेल बनाया।

रिलेटेड पोस्ट्स