धोनी का रिकॉर्ड तोड़ने वाले पंत ने की कोहली की बराबरी

बतौर कप्तान बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच ऋषभ पंत के लिए कई मायनों में खास रहा। पंत ने पहली बार भारतीय टीम की कमान संभाली और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। दिल्ली में टॉस के लिए उतरते ही पंत ने धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया और भारत के दूसरे सबसे युवा टी20 कप्तान बने। इस मामले में सुरेश रैना पहले नंबर पर हैं। हालांकि, पंत ने इस मैच में एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वो विराट कोहली के बाद भारत के सिर्फ दूसरे कप्तान बने, जिन्होंने अपने पहले ही टी20 मैच में हार का स्वाद चखा। 
इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को सात विकेट से मात दी। पंत के लिए कप्तान के रूप में पहला मैच कई मायनों में विराट कोहली के समान रहा। उन्होंने विराट के बराबर ही रन बनाए और उसी अंतर से उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। 
भारत के दूसरे सबसे युवा कप्तान बने पंत
ऋषभ पंत ने 24 साल 248 दिन की उम्र में भारत की टी20 टीम की कप्तानी की और सुरेश रैना के बाद दूसरे सबसे कम उम्र के कप्तान बने। सुरेश रैना ने 23 साल और 197 दिन की उम्र में भारत की कप्तानी की थी। वहीं, महेन्द्र सिंह धोनी जब भारतीय टीम के कप्तान बने थे, तब उनकी उम्र 26 साल 66 दिन थी। इस तरह पंत ने धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया, लेकिन भारत को जीत नहीं दिला पाए। 
विराट के शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी की
इस मैच में ऋषभ पंत ने विराट कोहली के शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी की। विराट कोहली पहले भारतीय थे, जिन्हें बतौर कप्तान अपने पहले टी20 मैच में हार का सामना करना पड़ा था। अब पंत भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं। इन दोनों के अलावा बाकी सभी भारतीय कप्तानों ने अपना पहला टी20 मैच जीता है। विराट ने 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार भारत की टी20 टीम की कप्तानी की थी और कानपुर में हुए इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को सात विकेट से हराया था। टी20 में बातौर कप्तान पंत का पहला मैच कई मायनों में विराट कोहली के समान रहा। दोनों को बतौर कप्तान अपने पहले मैच में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दोनों ने पहले मैच में 29 रन का स्कोर बनाया।

रिलेटेड पोस्ट्स