साबले ने स्टीपलचेज में 8वीं बार तोड़ा अपना रिकॉर्ड

8 मिनट 12.48 सेकंड के साथ पांचवें स्थान पर रहे
रबात (मोरक्को)।
भारत के अविनाश साबले प्रतिष्ठित डायमंड लीग मीट में पांचवें स्थान पर रहे। उन्होंने इस दौरान 3000 मीटर स्टीपलचेज में 8वीं बार अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। महाराष्ट्र के बीड जिले के रहने वाले सेना के 27 साल के साबले ने रविवार को शीर्ष खिलाड़ियों के बीच 8 मिनट 12.48 सेकेंड का समय लिया।
उन्होंने मार्च में तिरुवनंतपुरम में इंडियन ग्रांप्री के दौरान 8 मिनट 16.21 सेकेंड के अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में 3 सेकेंड से अधिक का सुधार किया। स्थानीय दावेदार और टोक्यो ओलम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता सोफियान अल बक्काली ने मीट रिकॉर्ड 7 मिनट 58.28 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। 
इथोपिया के टोक्यो ओलम्पिक के रजत पदक विजेता लामेचा गिरमा 7 मिनट 59.24 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उनके हमवतन हेलमेरियम तेगेगन ने 8 मिनट 6.29 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। रियो ओलम्पिक 2016 के चैम्पियन केन्या के कोन्सेसलेस किपरुतो 8 मिनट 12.47 सेकेंड के साथ चौथे स्थान पर रहे। किपरुतो भारत के साबले से एक सेकेंड के 100वें हिस्से से आगे रहे।
ओलम्पिक पदक विजेता को पछाड़ा
साबले हालांकि टोक्यो ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता केन्या के बेंजामिन किगेन से आगे रहे जिन्होंने 8 मिनट 17.32 सेकेंड का समय लिया। साबले 3000 मीटर स्टीपलचेज में कई बार अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उन्होंने सबसे पहले 2018 में अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में 8 मिनट 29.80 सेकंड के समय के साथ गोपाल सैनी का 8 मिनट 30.88 का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। पिछले साल साबले ने अमेरिका में 13 मिनट 25.65 सेकेंड के साथ पुरुष 5000 मीटर में 30 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था जो बहादुर प्रसाद ने 1992 में बार्सिलोना में 13 मिनट 29.70 सेकेंड के समय के साथ बनाया था।

रिलेटेड पोस्ट्स