प्रधानमंत्री मोदी मूक-बधिर खिलाड़ियों से करेंगे बात

ब्राजील में हुए मूक-बधिर ओलम्पिक में भारत के नाम 16 पदक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में सम्पन्न मूक-बधिर ओलम्पिक में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए भारतीय दल को बधाई दी और बताया कि वह 21 मई को अपने आवास पर उनकी मेजबानी करेंगे। भारत ने ब्राजील के कैक्सियास डो सुल में आयोजित 24वें बधिर ओलम्पिक में आठ स्वर्ण, एक रजत और सात कांस्य पदक सहित कुल 16 पदक जीते। 
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘हाल में सम्पन्न मूक-बधिर ओलम्पिक में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए भारतीय दल को बधाई! हमारे दल का प्रत्येक खिलाड़ी साथी नागरिकों के लिए प्रेरणा है। 21 तारीख को सुबह मैं अपने आवास पर पूरे दल की मेजबानी करूंगा।’’ मूक-बधिर ओलम्पिक 2022 में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बात करेंगे। इस बार भारत की तरफ से 65 खिलाड़ियों ने ब्राजील में आयोजित डीफ ओलम्पिक में भाग लिया। डीफ ओलम्पिक में यह भारत का सबसे बड़ा दल है। भारतीय खिलाड़ियों ने इस बार कमाल करते हुए देश को कुल 16 पदक दिलाए, जिसमें आठ स्वर्ण, एक रजत तथा सात कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत नौवें स्थान पर रहा।
भारत को पदक दिलाने वाले खिलाड़ियों में कई युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं। 17 साल की बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेया सिंघला ने भी भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। वो डीफ ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली पंजाब की पहली खिलाड़ी हैं। फाइनल में उन्होंने जापान की खिलाड़ी को मात देकर सोना अपने नाम किया। 27 अप्रैल को खिलाड़ियों को 24वें डीफ ओलम्पिक में भेजने से पहले देश के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सभी खिलाड़ियों के साथ खाना खाया था और इस दौरान सभी की हौसलाअफजाई की थी। इस साल मूक-बधिर ओलम्पिक में 72 देशों के 2267 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें 1521 पुरुष खिलाड़ी और 746 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इस बार कुल 11 खेलों का आयोजन हुआ। इससे पहले मूक-बधिर ओलम्पिक में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1993 में रहा था, जब भारतीय खिलाड़ियों ने कुल सात पदक जीते थे। इसमें पांच स्वर्ण और दो कांस्य पदक शामिल थे।

रिलेटेड पोस्ट्स