एशियाई हॉकी संघ का बड़ा फैसला

एशियाड 2023 में नहीं हुए तो खुद कराएगा ओलम्पिक क्वालीफायर
नई दिल्ली।
एशियाई हॉकी संघ (एएचएफ) ने बुधवार को कहा कि अगर स्थगित हुए हांगझोउ एशियाई खेल अगले साल सितम्बर तक नहीं हुए तो वह खुद ही ओलम्पिक क्वालीफायर कराएगा। एशियाई खेलों का आयोजन इस साल 10 से 25 सितम्बर तक होना था लेकिन चीन में कोरोना महामारी से खराब होती स्थिति को देखते हुए इस महीने के शुरू में अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। नई तारीख भविष्य में तय की जाएगी। 
इस मुद्दे पर एएचएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तैयब इकराम ने कहा कि एशियाई हॉकी संस्था अभी एशियाई ओलम्पिक परिषद (ओसीए) से लगातार सलाह मशविरा कर रही है। एशियाई खेल महाद्वीप के लिए एक ओलम्पिक क्वालीफायर है लेकिन हमारे पास इतना समय नहीं है। अगर एशियाई खेल सितम्बर 2023 तक स्थगित रहते हैं तो हम क्वालीफायर कराने की स्थिति में होंगे। उन्होंने कहा कि हम अपने खिलाड़ियों को उचित मौका और मंच प्रदान करना चाहते हैं। हांगझोउ एशियाई खेलों से पुरुष और महिला दोनों के लिए ओलम्पिक स्थान दांव पर लगे हैं। विजेता टीम को सीधे 2024 के पेरिस ओलम्पिक में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स