पहलवान साक्षी-विनेश को राष्ट्रमंडल का टिकट

28 जुलाई से शुरू हो रहे हैं बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम
खेलपथ संवाद
लखनऊ।
ओलम्पिक पदक विजेता साक्षी मलिक (62 किलोग्राम) ने राष्ट्रमंडल खेलों के ट्रायल में सोमवार को सोनम मलिक को हराकर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की, जबकि अनुभवी विनेश फोगाट (53 किलोग्राम) ने प्रतिद्वंदी खिलाड़ी अंतिम को हराकर राष्ट्रमंडल खेल की सीट पक्की कर ली।
सोनम ने पिछले कई मुकाबलों में 2016 ओलम्पिक कांस्य पदक विजेत को पटखनी दी थी लेकिन ट्रायल में अनुभवी साक्षी ने 8-1 की प्रभावशाली जीत दर्ज की। साक्षी ने इसके बाद फाइनल में मनीषा को 7-1 से हराकर 28 जुलाई से शुरू होने वाले बर्मिंघम खेलों का टिकट पक्का किया। 
पिछले साल टोक्यो ओलम्पिक से संघर्ष कर रही विनेश ने यहां दमदार प्रदर्शन किया। अंतिम के खिलाफ फाइनल में वह 0-3 से पिछड़ रही थीं लेकिन दो अंक के साथ उन्होंने इस फासले को कम किया और इसके बाद एक और अंक बनाया जिससे मुकाबला 3-3 की बराबरी पर था, लेकिन आखिरी अंक बनाने के कारण विनेश विजेता बनीं।
टोक्यो ओलम्पिक के बाद विनेश के लिए यह पहला बड़ा टूर्नामेंट होगा। ओलम्पिक के बाद डब्ल्यूएफआई ने अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें निलम्बित कर दिया था। वह पिछले साल अगस्त में विश्व चैम्पियनशिप के ट्रायल से हट गई थीं और उसके बाद से उसने प्रतिस्पर्धा नहीं की। 
इन खिलाड़ियों ने भी जीते ट्रायल 
अंशु मलिक (57 किलोग्राम), दिव्या काकरान (68 किलोग्राम) ने उम्मीदों के मुताबिक अपने ट्रायल जीते। विश्व चैम्पियनशिप के दो पदक विजेताओं के बीच फाइनल में अंशु ने सरिता मोर को 2-1 से हराया, जबकि दिव्या ने निशा दहिया के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता से जीत हासिल की। पूजा गहलोत (50 किलोग्राम) और पूजा सिहाग (76 किलोग्राम) ने भी भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की। पुरुषों के ट्रायल मंगलवार यानि आज होंगे। 

रिलेटेड पोस्ट्स