चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में होंगे 25 खेल

8500 खिलाड़ियों का दल करेगा सहभागिता
4 से 13 जून तक होगा आयोजन
खेलपथ संवाद
चण्डीगढ़।
चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देश भर से 8500 खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बड़ा दल भाग लेगा। खेलों का आयोजन हरियाणा की मेजबानी में 4 से 13 जून तक पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में होगा। इसमें 25 खेलों को शामिल किया गया है।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंचकूला के इंद्रधनुष सभागार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के प्रतीक चिह्न, गीत, जर्सी और शुभंकर की लांचिंग के दौरान कहा कि देश की कुल आबादी में महज दो प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ हरियाणा ने अधिकांश खेल प्रतियोगिताओं में देश को सबसे अधिक पदक दिलाए हैं। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, खेल मंत्री संदीप सिंह भी उपस्थित थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश के लिए सिर्फ खाद्यान्नों का ही उत्पादन नहीं कर रहा बल्कि अपने खिलाड़ियों के माध्यम से पदक भी अर्जित कर रहा है।
पांच पारम्परिक खेल होंगे यूथ गेम्स का हिस्सा: अनुराग 
पारम्परिक खेलों के संरक्षण पर जोर देते हुए खेल मंत्री ने कहा कि पांच पारम्परिक खेल (गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मल्लखंब और योगासन) आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स का हिस्सा होंगे। यूथ गेम्स और हाल ही में संपन्न हुए खेलो इंडिया के तहत यूनिवर्सिटी गेम्स निश्चित रूप से युवाओं को भविष्य में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगे। ठाकुर ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यंग इंडिया के विजन से वो दिन दूर नहीं जब ओलम्पिक खेलों में भारत शीर्ष दस में शामिल होगा। 
जया और विजय होंगे शुभंकर
‘जया नाम का काला हिरण और ‘विजय’ नाम का बाघ खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभंकर हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए हरियाणा के शुभंकर का नाम धाकड़ है। चौथे संस्करण के शुभंकर धाकड़ ट्रैक्टर पर धमक दिखाते हुए मंच पर पहुंचे। जर्सी को राज्य मंत्री संदीप सिंह ने मनु भाकर समेत दस पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ लांच किया। लोगो का अनावरण मुख्यमंत्री व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ने बटन दबाकर किया। जैसे ही थीम गीत बजा, पूरा सभागार गूंज उठा।

रिलेटेड पोस्ट्स