कोरोना के चलते एशियाई खेल स्थगित: ओसीए

खेलों का स्थगित होना खिलाड़ियों के लिये निराशाजनक 
ताशकंद/बीजिंग।
चीन में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण इस साल 10 से 25 सितंबर तक होने वाले हांगजो एशियाई खेलों को शुक्रवार को अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया। नयी तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। भारतीय खिलाड़ियों ने इस पर मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की है। 
शंघाई में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के कारण इन खेलों के आयोजन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। शंघाई में लॉकडाउन लगा है। एशियाई ओलम्पिक परिषद (ओसीए) के कार्यकारी बोर्ड ने स्थिति पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को ताशकंद में बैठक की और उसे लगा कि वर्तमान परिस्थितियों में खेलों को स्थगित करना सबसे अच्छा निर्णय होगा। ओसीए ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में कहा कि चीनी ओलम्पिक समिति (सीओसी) और हांगजो एशियाई खेलों की आयोजन समिति (एचएजीओसी) के साथ विस्तृत चर्चा के बाद ओसीए कार्यकारी बोर्ड ने आज 19वें एशियाई खेलों को स्थगित करने का फैसला किया, जिनका आयोजन चीन के हांगजो में 10 से 25 सितंबर 2022 तक होना था। 
बयान में कहा गया कि 19वेंएशियाई खेलों की नयी तिथियों पर ओसीए, सीओसी और एचएजीओसी के बीच सहमति तैयार की जाएगी और निकट भविष्य में इसकी घोषणा की जाएगी। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने कहा कि एशियाई खेलों का स्थगित होना कुछ खिलाड़ियों के लिये निश्चित रूप से बड़ा झटका है। आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, ‘किसी भी बड़े आयोजन या खेलों का स्थगित होना खिलाड़ियों के लिये निराशाजनक है। खेलों के नये सिरे से आयोजन पर वे कुछ महीने या एक साल बड़े हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कई खिलाड़ियों ने पहले ही एशियाई खेलों के लिये तैयारी शुरू कर दी थी और आईओए को उनके प्रति सहानुभूति है। कोरोना के कारण खेलों को स्थगित किया जाना अपेक्षित था। यह हमारे हाथ में नहीं है।

रिलेटेड पोस्ट्स