एशियाई खेलों पर कोरोना का साया

चीन के इस कदम के बाद भारत की भागीदारी पर होगा फैसला
नई दिल्ली।
भारत के आगामी एशियाई खेलों में भाग लेने का फैसला खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने चीन के पाले में डाल दिया है। ठाकुर ने कहा कि इस साल होने वाले एशियाई खेलों में भारत की भागेदारी पर फैसला चीन की तरफ से फीडबैक मिलने के बाद ही लिया जाएगा। 
चीन का शंघाई शहर इस वक्त कोविड-19 की चपेट में है और वहां महीने भर से लॉकडाउन लगा है। इसकी वजह से राजधानी बीजिंग में भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। हांग्झोउ एशियाई खेलों का आयोजन इस साल 10 से 25 सितंबर तक होना है लेकिन अफवाहों की मानें तो इसे महामारी की वजह से स्थगित किया जा सकता है। 
अनुराग ठाकुर ने एक कार्यक्रम के दौरान बात करते हुए कहा, "वहां (चीन) की क्या परिस्थिति है और मेजबान देश स्थिति के बारे में क्या कहता है, यह महत्वपूर्ण है।" उन्होंने आगे कहा, "भाग लेने वाले सभी देश इस पर चर्चा कर रहे हैं और जल्दी ही भारत भी फैसला लेगा लेकिन उससे पहले मेजबान देश का पक्ष और यह जानना जरूरी है कि उनकी तैयारी कैसी है।" चीन में महामारी की वजह से कई अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं को रद्द कर दिया गया है। 2022 पैरालंपिक और शीतकालीन ओलंपिक खेलों का आयोजन भी सख्त नियमों और पाबंदियों के बीच बंद दरवाजे में किया गया। 

रिलेटेड पोस्ट्स