ओलम्पियन श्रीहरि नटराज ने जीते तीन गोल्ड मेडल

यूपी की आस्था को बॉक्सिंग का गोल्ड
एमपी की तीरंदाज मुस्कान ने किया निराश 
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स: जारी है जैन यूनिवर्सिटी का राज
खेलपथ संवाद
बेंगलूरु।
भारतीय ओलम्पियन तैराक श्रीहरि नटराज ने गुरुवार को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीते। वहीं चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से भाग ले रही सहारनपुर की आस्था पाहवा ने फाइनल में सिवी बूरा को मात देते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। तीरंदाजी में पहले दिन ही रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय मध्य प्रदेश की मुस्कान किरार और पिछले साल की रजत पदक विजेता रागिनी मार्को को पराजय का सामना करना पड़ा।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में जैन विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले श्रीहरि नटराज ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर बैकस्ट्रोक और 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में स्वर्ण पदक जीते और इस टूर्नामेंट के लिए रिकॉर्ड भी बनाया। इसके साथ ही नटराज ने जैन विश्वविद्यालय को पदक तालिका में पहले स्थान पर बरकरार रखा है। जैन विश्वविद्यालय के 16 स्वर्ण पदकों के अलावा पांच रजत और तीन कांस्य सहित 24 पदक हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी नौ गोल्ड मेडल के साथ दूसरे और मुंबई यूनिवर्सिटी छह गोल्ड मेडल के साथ तीसरे नम्बर पर है।
नटराज ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल में 50.98 सेकेंड का समय निकाला और पिछले साल इस टूर्नामेंट में रुद्रांश मिश्रा द्वारा बनाए गए 53.01 सेकेंड के रिकॉर्ड को तोड़ा। इस स्पर्धा में रजत पदक मुंबई विश्वविद्यालय के हीर शाह को और कांस्य पदक अन्ना विश्वविद्यालय के आदित्य दिनेश को मिला। हीर ने 52.78 सेकेंड का समय लिया। दिनेश ने यह रेस 52.79 सेकेंड में पूरी की।
इसके बाद नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में 26.10 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। रजत पदक जीतने वाले जैन विश्वविद्यालय के शिव श्रीधर ने 27.10 सेकेंड का समय निकाला जबकि पंजाब विश्वविद्यालय के सिद्धांत सेजवाल ने 27.69 सेकेंड का समय निकाला। इसके बाद नटराज ने संजय जयकृष्णन, शिव श्रीधर और राज रेलेकर के साथ 4×200 मीटर में स्वर्ण पदक जीता। जैन यूनिवर्सिटी की इस टीम ने 8:06.87 मिनट का समय निकाला। रजत पदक सावित्री बाई फुले विश्वविद्यालय को मिला। इस टीम ने 8:22.17 मिनट का समय लिया। कांस्य पदक जीतने वाली मुंबई की टीम ने 8:28.57 मिनट का समय निकाला।
दनुश सुरेश ने जीता गोल्ड
अन्ना यूनिवर्सिटी के दानुष सुरेश ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता। इस खिलाड़ी ने 1:03.36 सेकेंड का समय लिया। रजत पदक मुंबई विश्वविद्यालय के जय एकबोटे को मिला जिन्होंने 1:06.33 सेकेंड में दौड़ पूरी की। एडमस यूनिवर्सिटी के कृतिष सिंह ने कांस्य पदक जीता। इस खिलाड़ी ने 1:07.16 सेकेंड का समय लिया। जैन विश्वविद्यालय के शिव श्रीधर तैराकी में एक स्टार थे क्योंकि उन्होंने पिछले संस्करण में कुल सात स्वर्ण और दो रजत पदक जीते थे।
ये रही तीरंदाजों की स्थिति
तीरंदाजी में पहले दिन स्टार तीरंदाज मुस्कान किरार को उलटफेर का शिकार होना पड़ा। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की मुस्कान ने क्वालिफिकेशन राउंड में टॉप किया लेकिन वह अपना प्रदर्शन जारी नहीं रख सकीं। वह अंतिम स्थान के क्वालीफायर में गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की स्नेह रानी से 135-139 से हार गईं। अगले दौर में स्नेह रानी पंजाब यूनिवर्सिटी की सुजाता से हार गईं। पिछले साल की रजत पदक विजेता रागिनी मार्को सेमीफाइनल में हार गईं। पुरुषों के कंपाउंड इवेंट में भी बदलाव देखने को मिला। पंजाब विश्वविद्यालय के शीर्ष वरीयता प्राप्त कुलविंदर सिंह शिवाजी विश्वविद्यालय के कुणाल शिंदे से 141-143 से हार गए।
सहारनपुर की बेटी आस्था के मुक्के से निकला सोना
गुरुवार (28 अप्रैल) को आस्था पाहवा ने गर्ल्स बॉक्सिंग के 63-66 लाइट वेल्टरवेट वर्ग का स्वर्ण पदक जीत लिया। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से भाग ले रहीं आस्था ने फाइनल में सिवी बूरा को मात दी। आस्था उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली हैं। आस्था पाहवा की जीत से केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी काफी प्रभावित हैं। अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया, 'मेहनत हमेशा रंग लाती है। बॉक्सिग कोच प्रवीन कुमार और पिता संजीव पाहवा आस्था की इस शानदार सफलता से खुश हैं। आस्था की जहां तक बात है यह मुक्केबाज राष्ट्रीय स्तर पर अब तक कई मेडल जीत चुकी है। 

रिलेटेड पोस्ट्स