चार से 13 जून तक होंगे खेलो इंडिया यूथ गेम

देशभर के 8500 के लगभग खिलाड़ी लेंगे भाग
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ली बैठक
पंचकूला, शाहबाद, अंबाला, चंडीगढ़ और नयी दिल्ली में होंगे मुकाबले
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़।
बेंगलूरु में चल रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के बीच खेलो इंडिया यूथ गेम्स की चर्चा भी सरगर्म हो गई है। उम्मीद है कि यह खेल चार से 13 जून तक पंचकूला, शाहबाद, अंबाला, चंडीगढ़ और नयी दिल्ली में होंगे। इन खेलों के लिए केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बातचीत की है।
कोरोना महामारी की वजह से लगातार टल रहे 'खेलो इंडिया यूथ गेम-2021' की तिथियों का ऐलान हो गया है। हरियाणा को पहली बार इन खेलों की मेजबानी करने का मौका मिला है। 250 करोड़ रुपये से अधिक इन खेलों पर खर्च होंगे। सूत्रों के मुताबिक खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 4 से 13 जून तक किया जाएगा। ये खेल पंचकूला के अलावा शाहबाद, अंबाला, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित होंगे। 
इन खेलों में देशभर के लगभग 8500 खिलाड़ी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री खट्टर ने केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से खेलो इंडिया यूथ गेम-2021 के आयोजन को लेकर समन्वय समिति के साथ बैठक में विस्तृत चर्चा की है। बैठक में प्रदेश के खेल एवं युवा मामले मंत्री सरदार संदीप सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 मई को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूथ गेम का मस्कट एवं लोगो लांच किया जाएगा। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों के लिए 2-3 बहुउद्देश्यीय हॉल, सिंथेटिक ट्रैक, एथलेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा चुका है। पंचकूला के सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में बैडमिंटन हॉल व ऑडिटोरियम का कार्य पूरा किया जा चुका है। हॉकी स्टेडियम पंचकूला व शाहबाद का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। अंबाला में ऑल वेदर स्वीमिंग पूल बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों के आयोजन के लिए युवा अधिकारियों की पूरी टीम लगाई है, जो हर प्रतिस्पर्धा स्थल की पूरी निगरानी करेंगे ताकि खिलाड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। 
इन खेलों में स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए साफ-सफाई का पूरा प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए सफाई व्यवस्था की पूरी टीम तैनात की जाएगी। खेल विभाग के निदेशक पंकज नैन ने प्रजेंटेशन के माध्यम से खेलो इंडिया यूथ गेम के आयोजन की तैयारियों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। बैठक में मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डीएस ढेसी, अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास, राजीव अरोड़ा, टीवीएसएन प्रसाद, डॉ़. महावीर सिंह, अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी़. उमाशंकर, अतिरिक्त प्रधान सचिव अमित अग्रवाल, आशिमा बराड़, पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल सहित साई के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। 
हरियाणवी संस्कृति से सराबोर होंगी खेल प्रतिस्पर्धाएं
सीएम ने कहा कि इन खेलों में हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य हीरोज की कहानी तथा प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का परिचय प्रदर्शनी में दर्शाया जाएगा ताकि युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि खेलों के लिए 13 मई को गुरुग्राम में प्रमोशन इवेंट का आयोजन किया जाएगा। 
बेटियों को समर्पित थीम पर होगा फोकस
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हरियाणा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की दिशा में सराहनीय कार्य हुआ है। प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने भी विदेशों में आयोजित हर खेल में परचम फहराया है। विद्यार्थियों का रूझान खेलों की तरह और ज्यादा बढ़े, इसके लिए खेलों को समर्पित थीम पर फोकस किया जाए। खेलो इंडिया यूथ गेम में नए-नए आइडियाज के साथ कार्य हों ताकि देशभर में हरियाणा की और अधिक चर्चा हो। उन्होंने कहा कि जून में होने वाले इन खेलों में कोविड-19 नियमों का पूरा पालन किया जाए तथा खिलाड़ियों के लिए टेस्टिंग आदि की पूरी व्यवस्था की जाए।

रिलेटेड पोस्ट्स