पहलवान रवि दहिया ने जीता स्वर्ण

एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में 57 किलोग्राम वर्ग में जीता पदक
उलानबटार।
भारत के ओलम्पिक मेडलिस्ट पहलवान रवि दहिया ने मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में खेले जा रहे एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत लिया है। रवि ने यह मेडल 57 किलोग्राम भार वर्ग में जीता। रवि दहिया ने इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता था। 
रवि ने ओलम्पिक में जीता था रजत पदक
रवि को पिछले साल हुए टोक्यो ओलंपिक के फाइनल में रूस के पहलवान जवुर यूगेव के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस गोल्ड मेडल के मैच को रूसी खिलाड़ी ने 7-4 से जीता था। रवि ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय पहलवान हैं।
ओलम्पिक फाइनल में पहुंचने का बनाया रिकॉर्ड
रवि ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय पहलवान थे। इनसे पहले सुशील कुमार 2012 में फाइनल में पहुंचे थे। लेकिन उन्हें फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने 57 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता था। रवि दहिया ने बुधवार को पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग के सेमीफाइनल में कजाखस्तान के नूरीस्लाम सानायेव को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।
रवि विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं
रवि कुमार दहिया 2019 में नूर सुल्तान में हुई विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने एशियन चैंपियनशिप में दो गोल्ड मेडल भी अपने नाम किए हैं। उन्होंने 2015 में विश्व जूनियर कुश्ति चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। हालांकि, 2021 में रवि ने खुद को विश्व चैंपियनशिप से दूर रखा था। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स