खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में 275 स्वर्ण पदक होंगे दांव पर

बेंगलुरु में 24 अप्रैल से तीन मई तक होंगे गेम्स

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। बेंगलूरु में 24 अप्रैल से तीन मई तक होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स न केवल खिलाड़ियों के दमखम का प्रतीक होंगे बल्कि इन खेलों के बहाने बिगड़ते पर्यावरण को बचाने की पहल भी नजर आएगी। 10 दिन चलने वाले इन खेलों का शुभारम्भ उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू करेंगे तथा समापन गृहमंत्री अमित शाह के करकमलों से होगा। इन खेलों का उद्घाटन समारोह कांतिवीरा स्टेडियम में होगा।  

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में इस बार कई दिग्गज भी उतरेंगे जिनमें ओलम्पियन निशानेबाज मनु भाकर, दिव्यांश सिंह पंवार, ऐश्वर्य प्रताप सिंह,  फर्राटा धावक दुती चंद, तैराक श्रीहरि नटराज आदि के शामिल होने की सम्भावना है। बेंगलुरु में 24 अप्रैल से तीन मई तक होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स पर्यावरण को बढ़ावा देने की थीम पर हरित खेलों के रूप में आयोजित होंगे।

इन खेलों में दो देशी खेलों योगासन और मलखम्ब का पदार्पण होगा। इन खेलों में 189 विश्वविद्यालयों के 3,878 खिलाड़ी 20 विधाओं में भाग लेंगे और 275 स्वर्ण पदकों के लिए अपना दमखम दिखाएंगे। सहयोगी स्टाफ और तकनीकी अधिकारियों को मिलाकर इन खेलों में कुल भागीदारी 7500 लोगों की होगी। इन खेलों पर केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना है कि मुझे विश्वास है कि इन खेलों से इस साल कई और चैम्पियन निकलेंगे। श्री ठाकुर ने कहा कि खेलों के दौरान राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी (नाडा) खिलाड़ियों में डोपिंग को लेकर जागरूकता फैलाएगी। नाडा सूचना, शिक्षा और संचार के मामले में डिजिटल होने जा रहा है। इसलिए डोपिंग को लेकर जागरूकता लाने के लिए पूरे उपाय किए जाएंगे।

कर्नाटक राज्य ने इन खेलों को हरित खेल बनाने के लिए पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित की है जिसके तहत ‘जीरो वेस्ट’ और ‘जीरो प्लास्टिक’ खेल होंगे। इन खेलों का पहला सत्र भुवनेश्वर में फरवरी 2020 में आयोजित हुआ था। उस वक्त 3182 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। पंजाब 46 पदक जीतकर चैम्पियन रहा था, जिसमें 17 स्वर्ण पदक थे। 22 फरवरी, 2020 से एक मार्च, 2020 के मध्य खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, 2020 के पहले संस्करण का आयोजन कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर, ओडिशा में किया गया था। तब 17 खेलों की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित हुई थीं।

22 फरवरी, 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो लिंक के माध्यम से खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का उद्घाटन किया था। इसके पहले संस्करण में पंजाब विश्वविद्यालय, पंजाब कुल 46 पदक जीतकर शीर्ष पर रहा था। उसके पदकों में 17 स्वर्ण, 19 रजत तथा 10 कांस्य शामिल थे। साबित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी, महाराष्ट्र पदक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा, जिसने कुल 37 पदक यानि 17 स्वर्ण, 11 रजत तथा  9 कांस्य पदक जीते थे। पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला, पंजाब 33 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। उसके पदकों में 13 स्वर्ण, 6 रजत तथा 14 कांस्य शामिल थे। समापन समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू और भारतीय ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा उपस्थित थे। उन खेलों में भारत की स्टार धावक दुती चंद ने कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) का प्रतिनिधित्व किया और 200 मीटर और 100 मीटर दौड़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते थे। दूसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कौन विश्वविद्यालय चैम्पियन बनेगा यह तो समय बताएगा लेकिन इन खेलों को लेकर खिलाड़ियों में बहुत उत्साह है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स