35 साल की उम्र में मां बनेंगी मारिया शारापोवा

अपने जन्मदिन पर दी जानकारी
नई दिल्ली।
पूर्व टेनिस स्टार मारिया शारापोवा ने बताया है कि वो जल्द ही मां बनने वाली हैं। शारापोवा ने अपने 35वें जन्मदिन पर अपनी खास फोटो साझा करते हुए यह जानकारी दी है। शारापोवा पहली बार मां बनेंगी। उन्होंने अपने टेनिस करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की। पांच बार ग्रैंड स्लैम जीतने वाली शारोपावा ने साल 2020 में टेनिस से संन्यास का एलान किया था। वो सोशल मीडिया में सबसे लोकप्रिय हस्तियों में से एक हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 42 लाख फॉलोअर्स हैं। 
मारिया शारापोवा ने अपनी प्रेगनेंसी की जानकारी देते हुए कहा "अनमोल शुरुआत, दो के लिए जन्मदिन का केक खाना हमेशा से मेरी खासियत रही है।" इसके साथ ही उन्होंने अपनी एक फोटो साझा की है, जिसमें वो समुद्र के किनारे खड़ी हैं और मुस्कुरा रही हैं। साल 2020 में दिसंबर के महीने में मारिया शारापोवा और ब्रिटेन के बिजनेसमैन एलेक्सजेंडर ने खुलासा किया था कि वो दोनों सगाई कर चुके हैं। टेनिस कोर्ट में रूस का प्रतिनिधित्व करने वाली शारापोवा ने टेनिस में अपना करियर शुरू करने के साथ ही अमेरिका में रहना शुरू कर दिया था। इसके बाद 2020 में उन्होंने एलेक्सजेंडर के साथ सगाई की। एलेक्सजेंडर ब्रिटेन के जाने-माने बिजनेसमैन हैं, जो कि न्यूयॉर्क से भी जुड़े हुए हैं। उनकी पुरानी पत्नी मेगन मार्कल की दोस्त हैं। 
मारिया शारापोवा ने साल 2020 में कोरोना महामारी आने से ठीक पहले टेनिस को अलविदा कहने का फैसला किया था। वो अपने करियर में पांच ग्रैंड स्लैम जीत चुकी हैं। विश्व टेनिस रैंकिंग में लगातार 21 हफ्ते तक पहले पायदान पर बने रहने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। शारापोवा ने जिस पोस्ट पर अपने मां बनने की जनकारी दी है, उसमें उनके लाखों फैंस और दोस्तों ने उन्हें जन्मदिन के साथ-साथ प्रेगनेंसी की शुभकामनाएं दी हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स