पैट कमिंस के तूफान में उड़े मुम्बई इंडियंस के अरमान

आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाया
केएल राहुल के रिकॉर्ड की बराबरी की
कोलकाता ने मुंबई को पांच विकेट से हराया
पुणे।
कोलकाता नाइटराइडर्स के पैट कमिंस ने आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगा दिया है। इस मामले में कमिंस ने केएल राहुल की बराबरी कर ली। कमिंस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बुधवार (छह अप्रैल) को 14 गेंदों में पचासा ठोक दिया। इससे पहले के.एल. राहुल ने 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था।
कमिंस ने 15 गेंद की पारी में चार चौके और छह छक्के लगाए। उन्होंने नाबाद 56 रन बनाए। इस दौरान कमिंस का स्ट्राइक रेट 373.33 का रहा। उन्होंने डैनियल सैम्स के एक ओवर में 35 रन बनाए। कमिंस जब बल्लेबाजी के लिए उतरे थे उस समय कोलकाता को जीत के लिए 41 गेंदों पर 61 रन बनाने थे। उन्होंने 14वें ओवर में पांचवीं गेंद पर टाइमल मिल्स को छक्का लगाया। इसके बाद अगली गेंद पर चौका लगा दिया। कमिंस ने 15वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर छक्के और चौके लगाए। बुमराह के ओवर के बाद कोलकाता को पांच ओवर में जीत के लिए 35 रन बनाने थे। 
डैनियल सैम्स गेंदबाजी के लिए आए। पैट कमिंस ने पहली गेंद पर छक्का, दूसरी गेंद पर चौका, तीसरी गेंद पर छक्का, चौथी गेंद पर छक्का लगाया। इसके बाद पांचवीं गेंद सैम्स ने नो-बॉल फेंक दी। इस पर कुल तीन रन बने। सैम्स को पांचवीं गेंद फिर से करनी पड़ी। इस पर कमिंस ने चौका लगा दिया। आखिरी गेंद पर उन्होंने छक्का लगाकर मैच जीत लिया।
मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में चार विकेट पर 161 रन बनाए। उसके लिए सूर्यकुमार यादव ने 52, तिलक वर्मा ने 38, डेवाल्ड ब्रेविस 29 और कीरोन पोलार्ड ने 22 रन बनाए। कोलकाता के लिए पैट कमिंस ने दो विकेट लिए। जवाब में कोलकाता ने 16 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। उसके लिए कमिंस ने नाबाद 56 रन बनाए। वेंकटेश अय्यर ने 50 रनों की नाबाद पारी खेली।

रिलेटेड पोस्ट्स