यूपी की पारुल चौधरी ने जीता स्वर्ण

साबले ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में फिर बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
इंडियन ग्रांप्री-2 में अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा
खेलपथ संवाद
त्रिवेंद्रम।
टोक्यो ओलम्पिक में राष्ट्रीय कीर्तिमान रचने के बाद पहली बार किसी कम्पटीशन में खेल रहे अविनाश साबले ने बुधवार को त्रिवेंद्रम में खेली गई इंडियन ग्रांप्री-2 में एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड रच दिया। उन्होंने 3000 मीटर स्टीपलचेज में 8.16.21 मिनट का समय निकाल 1.91 सेकेंड का अपने नए कीर्तिमान में सुधार किया। यूपी की पारुल चौधरी ने भी स्वर्णिम सफलता हासिल की।
टोक्यो ओलम्पिक में छठे स्थान पर रहने वाली डिस्कस थ्रोअर कमलप्रीत कौर ने 61.39 मीटर चक्का फेंक कर स्वर्ण जीता। पुरुषों की इस इवेंट में हरियाणा के प्रशांत मलिक 54.18 मीटर के साथ स्वर्ण जीते। अविनाश ने टोक्यो में 8.18.12 मिनट का समय निकाला था, बावजूद इसके पहली हीट से आगे नहीं बढ़ पाए थे। उनसे पीछे हरियाणा के शंकर लाल (8.36.37 मिनट) रहे। महिलाओं की इसी इवेंट में यूपी की पारुल चौधरी ने 9.38.29 मिनट के समय के साथ स्वर्ण जीता।
पुरुषों के गोला फेंक में उत्तराखंड के अनिकेत 17.42 मीटर के साथ स्वर्ण और उत्तराखंड के ही अधीश घिल्डियाल ने 16.48 मीटर के साथ रजत जीता। महिलाओं की इस इवेंट में भी उत्तराखंड की रमनीत कौर ने 13.86 मीटर की दूरी नाप कर स्वर्ण जीता। हिमाचल प्रदेश के अंकेश चौधरी ने 800 मीटर में 1.48.27 मिनट का समय निकाल स्वर्ण जीता।

रिलेटेड पोस्ट्स