महिला विश्व कप में पाकिस्तान की लगातार तीसरी हार

दक्षिण अफ्रीका ने छह रन से हराया
हैमिल्टन।
आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को लगातार तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम 6 रन से हार गई। अफ्रीका से पहले पाकिस्तान को भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें हरा चुकी हैं। दक्षिण अफ्रीका की ये लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले अफ्रीका टीम ने बांग्लादेश को 32 रन से हराया था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीका की टीम ने पाकिस्तान के सामने 224 रन का टारगेट दिया। जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 217 रन ही बना पाई। हालांकि, दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला कांटे का रहा। मैच आखिरी ओवर तक चला। महिला वनडे वर्ल्ड कप में ये पाकिस्तान की लगातार 17वीं हार है। टीम 2009 से लेकर अब तक विश्व कप में 17 मैच खेल चुकी है और सभी में हार का सामना करना पड़ा है।
आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए सिर्फ 10 रन की दरकार थी और उसके 2 विकेट बचे थे। साउथ अफ्रीका की ओर से शबनीम इस्माइल ने गेंदबाजी की कमान संभाली। उनकी पहली गेंद पर 2 रन बने तो मैच और रोमांचक होता दिखा, लेकिन अगली ही बॉल पर उन्होंने पाकिस्तान का 9वां विकेट ले लिया। डायना बेग आउट होकर पवेलियन लौट गईं। अगली गेंद पर फिर सिंगल बना।
आखिरी 3 गेंदों पर पाकिस्तान को 7 रन चाहिए थे, लेकिन चौथी गेंद डॉट और 5वीं गेंद पर पाकिस्तान का आखिरी विकेट गिर गया। साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन लौरा वोल्वार्ड्टो ने बनाए। उन्होंने 91 गेंदों का सामना करते हुए 75 रन बनाए। वहीं, कप्तान सुने लुस के बल्ले से 102 गेंदों पर 62 रन निकले। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा विकेट गुलाम फातिमा और फातिमा सना ने लिए। दोनों के खाते में 3-3 विकेट आए। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन ओमिमा सोहेल और निडा डार ने बनाए। दोनों के बल्लों से अर्धशतक निकला। ओमिमा ने 65 और निडा ने 55 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज खास कमाल नहीं कर पाया।

रिलेटेड पोस्ट्स