जर्मनी के खिलाफ भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित

युवा अक्षता और दीपिका को मिला मौका
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
जर्मनी के खिलाफ दो मैचों के लिए भारत की महिला हॉकी टीम का ऐलान कर दिया गया है। 12 और 13 मार्च को होने वाले मैचों के लिए 22 सदस्यीय टीम की कमान एक बार फिर सविता पूनिया को दी गई है। इससे पहले स्पेन के खिलाफ मैचों में भी सविता ने भारतीय टीम की कप्तानी की थी। भारत और जर्मनी के बीच एफआईएच हॉकी प्रो लीग के दोनों मैच भुवनेश्वर के ऐतिहासिक कलिंगा स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारतीय टीम दुनिया के पांचवें नंबर की टीम जर्मनी के खिलाफ दोनों मैच जीतना चाहेगी। 
सविता की अगुआई वाली टीम की उप-कप्तान दीप ग्रेस इक्का को बनाया गया है वहीं महाराष्ट्र की डिफेंडर अक्षता अबासो धेकाले और हरियाणा की स्ट्राइकर दीपिका टीम में नया चेहरा होंगी। इन दोनों खिलाड़ियों ने हॉकी इंडिया नेशनल चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच ने टीम चयन पर बात करते हुए कहा "हमारे लिए यह काफी रोमांचक समय है। हम अपने घर में एक अच्छी टीम के खिलाफ लगातार दो मैच खेलेंगे। 
जर्मनी लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम है, जिसकी टेक्निक शायद दुनिया में सबसे बेहतर है। वो बहुत अच्छे तरीके से बचाव करते हैं और तेजी से आक्रमण करते हैं। हमनें युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण से अच्छी टीम तैयार की है और हम स्पेन के खिलाफ अपने अच्छे प्रदर्शन को आगे बढ़ाना चाहेंगे।" स्पेन के खिलाफ भारत ने अच्छा खेल दिखाया था और जर्मनी के खिलाफ अपनी लय बरकरार रखना चाहेगा। 
कैसी है भारतीय टीमः गोलकीपरः सविता पूनिया, बिचू देवी खरीबाम। डिफेंडर: दीप ग्रेस इक्का, गुरजीत कौर, निक्की प्रधान, उदिता और अक्षता अबासो। मिडफील्डर: निशा, सलीमा टेटे, सुशीला चानू, ज्योति, मोनिका, नेहा, नवजोत कौर और सोनिका। फॉरवर्ड: राजविंदर कौर, शर्मिला देवी, नवनीत कौर, लालरेमसियामी, संगीता कुमारी, मारियाना कुजूर, दीपिका जूनियर। रिजर्व: रजनी, इशिका चौधरी, नमिता टोप्पो।

रिलेटेड पोस्ट्स