राष्ट्रमंडल खेलों के हॉकी शिविर में एमपी एकेडमी की चार लड़कियां

सरदार सिंह बने भारतीय पुरुष हॉकी ए टीम के कोच
दीपक ठाकुर को मिली महिला टीम की जिम्मेदारी
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह और पूर्व स्ट्राइकर दीपक ठाकुर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। सरदार सिंह को भारत ए पुरुष हॉकी टीम का कोच बनाया गया है वहीं दीपक ठाकुर को महिला ए टीम का कोच बनाया गया है। सरदार सिंह और दीपक ठाकुर की अगुआई में भारतीय पुरुष और महिला ‘ए' हॉकी टीमें इस साल बर्मिंघम में आगामी राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेंगी।
हॉकी इंडिया ने राष्ट्रमंडल और हांगजोऊ एशियाई खेलों के बीच कम समय को देखते हुए बर्मिंघम में अपनी मुख्य टीम नहीं भेजने का फैसला किया था। राष्ट्रीय महासंघ ने शनिवार को ही भारत ‘ए' पुरूष और महिला कोर संभावित ग्रुप के लिये 33-33 खिलाड़ियों के नामों की घोषणा भी कर दी। दोनों टीमें सात मार्च से बेंगलुरू के साई सेंटर में राष्ट्रीय शिविर की शुरुआत करेंगी। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोम्बाम ने एक बयान में कहा, हम दीपक ठाकुर और सरदार सिंह जैसे दिग्गजों के राष्ट्रीय कोचिंग कार्यक्रम में जुड़ने से काफी खुश हैं। उनके अनुभव से खिलाड़ियों को काफी फायदा मिलेगा।
एक हैरान करने वाली घटना में टोक्यो ओलम्पिक कांस्य पदकधारी टीम के सदस्य रूपिंदर पाल सिंह और बीरेंद्र लकड़ा के अलावा अनुभवी फॉरवर्ड एसवी सुनील ने संन्यास से वापसी की है। इन्हें बर्मिघंम राष्ट्रमंडल खेलों की टीम के लिये चयन के लिये योग्य 33 पुरुष कोर सम्भावित खिलाड़ियों में शामिल किया गया। इन तीनों ने पिछले साल टोक्यो ओलम्पिक के बाद खेल से संन्यास ले लिया था। बेंगलूरु में आज से शुरू हुए महिला हॉकी प्रशिक्षण शिविर में मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी एकेडमी की चार लड़कियां भी शिरकत कर रही हैं। इनमें ग्वालियर की नीरज राणा, अंजली गौतम, योगिता तथा कंचन निधि केरकेट्टा शामिल हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स