35 किलोमीटर रेस वाक में मेरठ की प्रियंका के नाम राष्ट्रीय रिकार्ड

मस्कट में विश्व वाकिंग चैम्पियनशिप में दिखाया दम
मस्कट।
ओलम्पियन प्रियंका गोस्वामी और एकनाथ तौराम्बेकर ने शनिवार को विश्व एथलेटिक्स पैदल चाल टीम चैम्पियनशिप में क्रमश: महिला और पुरूष 35 किलोमीटर स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाये, हालांकि वे पदक स्थान के ‘ब्रैकेट’ में काफी नीचे रहे। प्रियंका गर्म मौसम में हुई पैदल चाल स्पर्धा में 20वें स्थान और एकनाथ 27वें स्थान पर रहे।
प्रियंका ने 35 किलोमीटर स्पर्धा में पहली बार हिस्सा लिया, उन्होंने तीन घंटे 13 मिनट और 19 सेकेंड का समय निकाला। वहीं एकनाथ ने दो घंटे 45 मिनट 17 सेकेंड से राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस स्पर्धा में महिला वर्ग का पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड रमनदीप कौर (तीन घंटे 15 मिनट 17 सेकेंड) और पुरूष वर्ग में रामबाबू (दो घंटे 46 मिनट 31 सेकेंड) के नाम था जो उन्होंने सितम्बर 2021 में राष्ट्रीय ओपन चैम्पियनशिप के दौरान बनाया था।
मेरठ की गोल्डन गर्ल प्रियंका गोस्वामी ने नया नेशनल रिकॉर्ड बनाते हुए विश्व रेस चैम्पियनशिप में 20वां स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता ओमान के मस्कट में हुई, जिसमें प्रियंका ने 35 किलोमीटर रेस वॉक में प्रतिभाग किया था। इससे पहले उसने 20 किलोमीटर रेस वॉक में भी नेशनल रिकॉर्ड कायम किया था। इसके बाद उन्हें ओलम्पिक का टिकट हासिल हुआ। 20 किलोमीटर की वॉक को प्रियंका ने एक घंटा 28 मिनट में पूरा किया था। अब 35 किलोमीमटर की वॉक को उन्होंने तीन घंटे 13 मिनट में पूरा किया। कोच गौरव त्यागी ने बताया कि विश्व वॉक रेस में प्रियंका गोस्वामी ने पहली बार प्रतिभाग किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स