मोहाली में ऋषभ पंत ने बनाए शानदार 96 रन

पहले दिन भारत ने बनाए छह विकेट पर 357 रन
खेलपथ संवाद
मोहाली।
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया टॉस जीतकर बल्लेबाजी कर रही है। भारत ने विकेटकीपर ऋषभ पंत के शानदार पचासे की बदौलत मेहमान श्रीलंका को करारा जवाब दिया। पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय भारत ने अपनी पहली पारी में 85 ओवर में छह विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं। ऋषभ पंत 96 रन पर आउट हुए। उन्हें सुरंगा लकमल ने बोल्ड किया। रवींद्र जड़ेजा 45 तथा रविचंद्रन अश्वनि 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 
मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत ने एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि रिषभ पंत दुर्भाग्यशाली रहे और शतक से चूक गए। रिषभ पंत ने 97 गेंद पर 96 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के जड़े। भारत में खेले गए सभी 8 टेस्ट मैच की 7 पहली पारियों में रिषभ पंत ने फिफ्टी जरूर जड़ी है। ये कीर्तिमान एमएस धोनी, कुमार संगकारा, एडम गिलक्रिस्ट जैसे महान विकेटकीपरों के नाम भी नहीं हैं। पंत ने मोहाली में भी ये सिलसिला जारी रखा और धमाकेदार पारी खेलकर इतिहास रच दिया। मोहाली टेस्ट से पहले तक भारत में खेले गए सभी टेस्ट की पहली पारियों में पंत ने क्रमश: 92, 92, 91, 58, 01, 101 और नाबाद 66 रन बनाए हैं। रिषभ पंत ने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्के जड़े। उन्होंने स्पिनर एंबुलडेनिया को निशाने पर लिया।  
पंत ने पारी के 76वें ओवर में लसिथ एमबुलडेनिया के खिलाफ 22 रन बनाए। उन्होंने पहली दो गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़े। तीसरी गेंद पर चौका जड़ा। चौथी गेंद डॉट बॉल रही। पांचवीं गेंद पर दो रन बनाए और छठी गेंद पर एक और चौका जमा दिया। 77वें ओवर में चौथी गेंद पर उन्हें फिर स्ट्राइक मिली। इस पर उन्होंने चौका जमाया। पांचवीं गेंद पर एक और छक्का जमा दिया। इस तरह पंत ने इन दो ओवरों की आठ गेंदों पर 32 रन बना दिए।
भारत का 5वां विकेट 228 के स्कोर पर गिरा। श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर धनंजय डीसिल्वा की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। हालांकि अम्पायर के फैसले के खिलाफ जाते हुए अय्यर ने रिव्यू लिया, लेकिन इसका उन्हें फायदा नहीं मिला। रीप्ले में नजर आया कि गेंद ऑफ स्टम्प की लाइन पर ही थी। अय्यर और पंत ने पांचवें विकेट के लिए 53 रन जोड़े।
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट फॉर्मेट में अपने 8 हजार रन पूरे कर लिए हैं। कोहली ने पारी का 38वां रन बनाने के साथ ही टेस्ट में ये उपलब्धि हासिल की। टीम इंडिया के लिए 8,000 टेस्ट रन बनाने वाले विराट कोहली छठे भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण और वीरेंद्र सहवाग ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं। 100वें टेस्ट में कोहली से शतक की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन वह 45 रन बनाकर लसिथ एमबुलडेनिया की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए हनुमा विहारी के साथ 155 गेंदों पर 90 रन जोड़े।
कोहली के विकेट के बाद विहारी भी अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और 58 रन बनाकर विश्वा फर्नांडो की गेंद पर बोल्ड हुए। चेतेश्वर पुजारा की जगह नम्बर 3 पर खेल रहे हनुमा विहारी ने शानदार बैटिंग करते हुए 58 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में ये उनका 5वां अर्धशतक रहा। भारतीय टीम को 52 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा था।कप्तान रोहित शर्मा 28 बॉल पर 29 रन बनाकर आउट हुए वहीं, टीम का दूसरा विकेट 80 रन पर गिरा। मयंक अग्रवाल 33 रन बनाकर आउट हुए।

रिलेटेड पोस्ट्स