सविता पूनिया करेंगी हॉकी लीग में भारतीय टीम की कप्तानी

टोक्यो ओलम्पिक में 8 पेनल्टी कॉर्नर बचाकर 'द ग्रेट वॉल' बनी
उन्हें मिलेगा हरियाणा सरकार से भीम अवार्ड
नई दिल्ली।
हरियाणा के सिरसा जिले के गांव जोधकां की सविता पूनिया को हॉकी में बडी ज़िम्मेदारी मिली है। टोक्यो ओलम्पिक में 8 पेनल्टी कॉर्नर बचाकर 'द ग्रेट वॉल' बनी सविता पूनिया को अब भारतीय महिला हॉकी लीग के कैप्टन की कमान मिली है। कैप्टन बनाने की सूचना के बाद उसके गांव और परिवार में खुशी का माहौल है। हाल ही सविता को हरियाणा सरकार ने प्रदेश का प्रतिष्ठित भीम अवॉर्ड देने का फैसला लिया है।
स्पेन में 26-27 फरवरी को होने वाली एफआईएच महिला प्रो लीग मैचों के लिए एक बार फिर से महिला हॉकी टीम ने कमर कस ली है। इन दिनों भारतीय महिला टीम भुवनेश्वर में प्रैक्टिस कर रही है। अच्छे प्रदर्शन के लिए टीम का हर सदस्य पसीना बहा रहा है। इस मैच का इंतजार कर रहे सिरसा के लोगों के लिए सोमवार को खुशखबरी आई कि उनकी लाडली सविता पूनिया को भारतीय महिला टीम का कैप्टन बनाया गया है।
सविता ही इस लीग में टीम इंडिया का नेतृत्व करेंगी। इसके अलावा इस टीम में 22 खिलाड़ियों को चुना गया है। इस टीम का वाइस कैप्टन दीप ग्रेस इक्का को बनाया गया है। सविता को मिली इस बडी जिम्मेदारी से उसके पैतृक गांव जोधकां में जश्न का माहौल है।
सविता के पिता महेंद्र पूनिया ने अपनी बेटी को मिली जिम्मेदारी पर उसको आशीर्वाद दिया है और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए कामना की है। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक में भी काफी अच्छा प्रदर्शन रहा था लेकिन अफसोस की टीम इंडिया ओलम्पिक में कोई मेडल भारत के लिए हासिल नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक में भले ही टीम इंडिया ने कोई मेडल नहीं जीता हो लेकिन टीम इंडिया ने देश के लोगों का दिल जरूर जीता है।
महेंद्र पूनिया के अनुसार सविता भी इस जिम्मेदारी के मिलने से काफी उत्साहित है और डबल जिम्मेदारी के साथ नए जोश से वह इस लीग के लिए मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि अब 2022 में टीम इंडिया के सामने काफी टूर्नामेंट हैं जो टीम इंडिया के लिए एक चुनौती भी है। उन्होंने कहा कि बेटी इनको जीतने के लिए पूरी तैयारी से मैदान में उतरेगी। सविता की मां लीलावती और भाई सुंदर पूनिया भी सविता को मिली कैप्टन की जिम्मेदारी से उत्साहित हैं। मां बोली कि बेटी की इच्छा रही है कि वे हॉकी में इंडिया को खोया हुआ अपना मुकाम दिलाए। इसके लिए उसने पूरी ताकत झोंकी है।

रिलेटेड पोस्ट्स