बिहार के साकिबुल गनी ने बनाया विश्व कीर्तिमान

मिजोरम के खिलाफ पदार्पण मैच में लगाया तिहरा शतक 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
रणजी ट्रॉफी में बिहार के 22 साल के बल्लेबाज साकिबुल गनी ने अपने पहले ही मुकाबले में तिहरा शतक जड़ दिया। वह पूरी दुनिया में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पदार्पण मुकाबले में तिहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। 
इतना ही नहीं वह रणजी ट्रॉफी में पदार्पण करते हुए सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। साकिबुल गनी ने अपना तिहरा शतक 387 गेंदों पर 50 चौके लगाते हुए पूरा किया। उन्होंने मिजोरम के खिलाफ यह कारनामा किया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड मध्यप्रदेश के बल्लेबाज अजय रोहेरा के नाम था। उन्होंने 2018-19 के रणजी सीजन में हैदराबाद के खिलाफ खेले मुकाबले में 267 रन बनाए थे।
महाराष्ट्र के पवन शाह ने अपने रणजी डेब्यू में ही दोहरा शतक जड़ दिया है। उन्होंने असम के खिलाफ ये शानदार पारी खेली। इसी के साथ वो रणजी ट्रॉफी में दोहरा शतक जड़ने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। इस लिस्ट में शाह से पहले गुंडप्पा विश्वनाथ जैसे दिग्गज खिलाड़ी का भी नाम था। पवन ऐसा करने वाले 11वें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले चंडीगढ़ के बल्लेबाज अर्सलन खान ने भी रणजी डेब्यू में दोहरा शतक लगाया था। उनके बाद पवन ने ये कारनामा किया है।
गुजरात के अर्जन नागवासवाला ने मध्य प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में पांच विकेट अपने नाम किए हैं। अर्जन लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज हैं। वो काफी समय तक टीम इंडिया के नेट बॉलर रहे हैं। वहीं, मध्यप्रदेश के शुभम शर्मा शतक बनाने से चुक गए। उन्होंने 92 रनों की शानदार पारी खेली। मध्यप्रदेश के लिए रजत पाटीदार ने भी 54 रनों की पारी खेली।
रणजी ट्रॉफी में मुंबई और सौराष्ट्र के बीच खेले जा रहे मैच में अजिंक्य रहाणे ने फॉर्म में वापसी कर ली है। मैच के दूसरे दिन वो 129 रन बनाकर आउट हुए। रहाणे ने 290 गेंदों में ये पारी खेली। लम्बे समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे मुंबई के रहाणे के लिए ये शतक बहुत खास है। अगले महीने से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है और इस सीरीज के लिए रहाणे के चयन पर सस्पेंस बना हुआ है। ऐसे में उन्होंने टीम का ऐलान होने से पहले अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
हाल ही में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी एक बयान में रहाणे और पुजारा को रणजी में खेलने की सलाह दी थी। गांगुली ने कहा था- हां, वे बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। उम्मीद है, वे रणजी ट्रॉफी में वापस जाएंगे और ढेर सारे रन बनाएंगे, जो मुझे यकीन है कि वे करेंगे। रणजी ट्रॉफी एक बहुत बड़ा टूर्नामेंट है और हम सभी ने टूर्नामेंट खेला है।

रिलेटेड पोस्ट्स