आईपीएल नीलामी में बड़ी चूक

खलील अहमद को मुंबई इंडियंस ने 5 करोड़ 25 लाख में खरीदा, चारू शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स को बेच दिया
नई दिल्ली।
आईपीएल 2022 का मेगा ऑक्शन खत्म हो गया है। सभी 10 टीमों ने अपनी-अपनी टीम बना ली है। 12 और 13 फरवरी को हुए ऑक्शन के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में ऑक्शन के होस्ट चारू शर्मा से बड़ी गलती होती नजर आ रही है। उन्हें भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद को मुंबई इंडियंस को बेचना था, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स को सोल्ड कर दिया। मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की ताक में थी।
खलील की बेस प्राइस 50 लाख रुपए थी। वीडियो में आप देख सकते हैं कि दिल्ली कैपिटल्स ने पहले 5 करोड़ की बोली लगाई फिर मुंबई इंडियंस ने 5.25 करोड़ की बोली लगाई। इसके बाद चारू शर्मा ने पहले तो दिल्ली कैपिटल्स से 5.50 करोड़ की बोली लगाने को कहा लेकिन अचानक ही उनसे मिस्टेक हो जाती है और वो मुंबई की लगाई बोली 5.25 करोड़ को दिल्ली कैपिटल्स की बोली बता देते हैं और दूसरी टीमों से भी पूछते हैं कि कोई ऊपर की बोली लगाना चाहेगा। जब कोई बोली नहीं लगाता तो मुंबई के बदले चारू शर्मा खलील अहमद को दिल्ली के लिए सोल्ड कर देते हैं।
खलील अहमद पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे। अब ऑक्शन में मिस्टेक के चलते मुंबई इंडियंस के होकर दिल्ली कैपिटल्स में चले गए। सबसे हैरानी वाली बात ये है कि जब ये वाक्या हुआ तब मुंबई और दिल्ली में से किसी फ्रेंचाइजी की ओर से कुछ नहीं कहा गया। ऐसा लगा जैसे मुंबई इंडियंस खुद की लगाई बोली शायद भूल गई हो। अभी तक मुंबई की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
आईपीएल मेगा ऑक्शन के पहले दिन बड़ी घटना हो गई थी। ऑक्शनर ह्यूज एडमीड्स अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे। इसके बाद ब्रिटेन के रहने वाले ह्यूज को मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया गया था। इस घटना के बाद ऑक्शन को तुरंत रोक दिया गया था। बाद में ह्यूज एडमीड्स की जगह चारू शर्मा ने एंकरिंग की थी। यह घटना तब हुई जब वे श्रीलंका के लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा की बोली लगा रहे थे।
खलील अहमद का जन्म 5 दिसंबर, 1997 को राजस्थान के टोंक में हुआ था। खलील के पिता खुर्शीद अहमद अपने बेटे को डॉक्टर बनाना चाहते थे। खलील को क्रिकेट में अपना करियर बनाना था। पिता को शुरुआत में खलील के क्रिकेट खेलने से नफरत थी। उन्हें लगता था कि क्रिकेट में करियर नहीं है। अब खुर्शीद खलील की सफलता से खुश है।
क्रिकेट को लेकर होती थी पिटाई स्कूल के दिनों में खलील अहमद का पढ़ाई में बिल्कुल भी मन नहीं लगता था। खलील के पिता ने क्रिकेट को लेकर उन्हें पीटा भी था। फिर भी खलील ने क्रिकेट खेलना नहीं छोड़ा। पहले वह टेनिस बॉल से खेलते थे। फिर लेदर बॉल से खेलना शुरू किया। इसके बाद खलील ने जहीर खान और इरफान पठान का एक्शन भी कॉपी किया था।

रिलेटेड पोस्ट्स