शिवम दुबे सुबह पिता बने, दोपहर को 4 करोड़ में बिके

धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा
बेंगलूरु।
स्टार भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे के लिए रविवार का दिन इतना खास रहा है कि वे इसे ताउम्र नहीं भूल पाएंगे। वेलेंटाइन डे सोमवार को है, लेकिन उन्हें एक दिन पहले ही शानदार गिफ्ट मिल गए हैं। 13 फरवरी की सुबह वो पिता बने और दोपहर में उन्हें आईपीएल ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने 4 करोड़ रुपए में खरीद लिया। अब वह महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेलते दिखेंगे।
आईपीएल-2021 में शिवम राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा थे वहां उनकी सेलरी 4.40 करोड़ रुपए थी। घरेलू क्रिकेट में 25 साल के शिवम मुंबई के लिए खेलते हैं। शिवम ने पिछले साल मुंबई में अपनी गर्लफ्रेंड अंजुम खान से शादी की थी। रविवार को अंजुम ने बेटे को जन्म दिया है। शिवम ने अपनी पत्नी और बच्चे की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर कर लिखा, 'एक खुशियों का गुच्छा हमारे घर आया है। बेटे के रूप में हमें आशीर्वाद मिला।' शिवम के इस फोटो को चेन्नई सुपर किंग्स ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। 
शिवम 50 लाख रुपए के बेस प्राइस के साथ आज ऑक्शन में आए थे। दुबे इससे पहले RCB और राजस्थान रॉयल्स के लिए IPLK में खेल चुके हैं। चेन्नई शिवम के साथ-साथ दीपक चाहर को भी अपनी टीम का हिस्सा बना चुकी है। इन दोनों ऑलराउंडर के टीम में होने से धोनी की टीम काफी मजबूत नजर आ रही है। शिवम अब तक 1 वन-डे और 13 टी-20 मैच में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने अब तक खेले 13 टी-20 मैचों में 17.50 की औसत से 105 रन बनाए हैं। शिवम के IPL में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 24 मुकाबले खेले हैं और उनके बल्ले से 399 रन निकले हैं। उनका स्ट्राइक रेट 120.5 का है। इस दौरान उनके बल्ले से 24 चौके और 22 छक्के निकले हैं। 24 मुकाबलों में इस खिलाड़ी के खाते में 4 विकेट भी आए हैं।
शिवम की कीमत IPL में लगातार गिर रही है। उन्हें IPL-2019 ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पांच करोड़ में खरीदा था। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 2021 की नीलामी में 4.40 करोड़ में खरीदा और अब चेन्नई ने उन्हें चार करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स