विराट कोहली सिर्फ ऑस्ट्रेलिया में ही सीरीज जीत सके

क्या दक्षिण अफ्रीका से ले पाएंगे बदला?
नई दिल्ली। भारतीय टीम 26 दिसंबर को जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में उतरेगी तो उसकी नजर सेंचुरियन में पहली जीत हासिल करने पर होगी। कप्तान विराट कोहली की नजर सिर्फ सेंचुरियन में कामयाबी हासिल करने पर नहीं बल्कि पहली बार दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीतने पर भी होगी। कोहली इस बार अफ्रीकी टीम से बदला लेने उतरेंगे। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया को 2017-18 में करारी हार मिली थी। कोहली SENA देशों में एक सीरीज जीत चुके हैं। अब उनकी नजर दूसरी सीरीज जीत पर है।
क्रिकेट में SENA देश किसे कहते हैं?
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में SENA देश दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को कहा जाता है। एशियाई टीमों के लिए SENA देशों में जीत हासिल करना हमेशा से मुश्किल काम रहा है। भारत 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज अपने नाम करने में सफल रहा था।
कोहली की कप्तानी रिकॉर्ड को देखें तो SENA देशों में उन्हें एक बार सीरीज में जीत मिली है। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को जब 2-1 से हराया था तब कोहली ही कप्तान थे। उसके बाद 2020-21 में भी भारतीय टीम कंगारूओं को हराने में सफल रही थी। तब कोहली कप्तान थे, लेकिन वे पहले टेस्ट के बाद स्वदेश लौट गए थे। उस मुकाबले में टीम इंडिया हार गई थी। कोहली के जाने के बाद भारत की कमान अजिंक्य रहाणे ने संभाली थी और टीम इंडिया सीरीज में वापसी करते हुए 2-1 से जीती थी।
कोहली ने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को शानदार सफलता दिलाई। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में चार मैच तक भारत 2-1 से आगे था। उसके बाद पांचवां टेस्ट मैच कोविड-19 के कारण नहीं हुआ था। वह मुकाबला 1 से 5 जुलाई तक इंग्लैंड के एजबेस्टन में खेला जाएगा। उस समय टीम इंडिया के पास सीरीज को जीतने का मौका होगा। अगर भारत मैच जीत लेता या ड्रॉ करा लेता है तो कोहली के खाते में एक शानदार रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा।
यह संयोग की बात है कि कोहली ने अपनी कप्तानी में भारत का नेतृत्व पहली बार ऑस्ट्रेलिया में ही किया था। 2014-15 की सीरीज में महेंद्र सिंह धोनी एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में नहीं शामिल हो पाए थे। तब कोहली ने टीम की कमान संभाली थी। भारत को उस मैच में हार मिली थी। उसके बाद धोनी ने अगले दो मैचों में कप्तानी करने के बाद संन्यास ले लिया था। कोहली टीम इंडिया के नियमित कप्तान ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर ही बने थे। चौथा मैच ड्रॉ रहा था। इस तरह सीरीज में टीम इंडिया को 2-0 से हार मिली थी। कोहली इसके बाद 2017-18 में दक्षिण अफ्रीका में 1-2 से हारे। फिर इंग्लैंड ने 2018 में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-4 से शिकस्त दी थी। उसके बाद 2019-20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-2 से हारे।
विराट अपनी कप्तानी में इंग्लैंड में तीन, ऑस्ट्रेलिया दो और दक्षिण अफ्रीका में एक मैच जीत चुके हैं। वे SENA देशों में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले एशियाई कप्तान हैं। दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद (चार जीत) हैं। अगर हार की बात करें तो कोहली ऑस्ट्रेलिया में सात मैचों में तीन बार हारे हैं और दो ड्रॉ कराने में सफल हुए हैं। न्यूजीलैंड में दो मैच खेले हैं और दोनों हारे हैं। कीवी टीम के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल इंग्लैंड में हारे थे। दक्षिण अफ्रीका में दो और इंग्लैंड में पांच मैच गंवाया है। इंग्लैंड में उन्होंने एक मैच ड्रॉ कराया है।
विदेशी मैदानों पर विराट कोहली का बतौर कप्तान सीरीज रिकॉर्ड
साल देश मैच नतीजा
2014-15 ऑस्ट्रेलिया 4 0-2 से हारे*
2015 श्रीलंका 3 2-1 से जीते
2015 बांग्लादेश 1 0-0 से ड्रॉ
2016 वेस्टइंडीज 4 2-0 से जीते
2017 श्रीलंका 3 3-0 से जीते
2017-18 दक्षिण अफ्रीका 3 1-2 से हारे
2018 इंग्लैंड 5 1-4 से हारे
2018-19 ऑस्ट्रेलिया 4 2-1 से जीते
2019 वेस्टइंडीज 2 2-0 से जीते
2019-20 न्यूजीलैंड 2 0-2 से हारे
2020-21 ऑस्ट्रेलिया 4 2-1 से जीते
2021 इंग्लैंड फाइनल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप हारे
2021 इंग्लैंड 4 2-1 से आगे
रिलेटेड पोस्ट्स