दक्षिण अफ्रीका में सचिन एक हजार से अधिक रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज

राहुल द्रविड़ का रहा खराब प्रदर्शन, कोहली का बल्ला खूब चला
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
26 दिसम्बर से भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने वाली है। दोनों टीमों ने अपने टीम का भी ऐलान कर दिया है। अफ्रीकी सरजमीं पर टीम इंडिया आज तक एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। विराट कोहली की टीम इस बार हर हाल में सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। सचिन तेंदुलकर भारत की तरफ से दक्षिण अफ्रीका में एक हजार से अधिक रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं।
टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर एकमात्र ऐसे भारतीय बैटर हैं जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर एक हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। तेंदुलकर ने दक्षिण अफ्रीका में 15 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1161 रन निकले हैं। उनका औसत 46.44 का रहा है। अफ्रीकी धरती पर मास्टर ब्लास्टर ने 5 शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं। मुंबई के इस स्टार खिलाड़ी ने 15 टेस्ट में 172 चौके और 5 छक्के लगाए हैं।
टीम इंडिया के कोच और पूर्व महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। द्रविड़ ने 11 टेस्ट मैचों में 624 रन बनाए हैं। हालांकि, उनका औसत सिर्फ 29.71 का ही रहा है। राहुल इन 11 टेस्ट मैचों में सिर्फ 1 टेस्ट शतक ही लगा पाए। आपको जानकर हैरानी होगी कि राहुल ने साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर एक भी छक्का नहीं लगाया है। द्रविड़ का बेस्ट स्कोर 148 रन है।
वेरी वेरी स्पेशल लक्ष्मण ने साउथ अफ्रीका में 1997 से 2011 तक 10 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 40.72 के औसत से 566 रन बनाए हैं। हालांकि, लक्ष्मण ने अफ्रीकी सरजमीं पर एक भी शतक नहीं लगाया। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं। लक्ष्मण ने इस दौरान 76 चौके और 2 छक्के लगाए हैं। वो साउथ अफ्रीका में रन बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं।
भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली ने 2013 से 2018 तक साउथ अफ्रीकी सरजमीं पर 5 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान कोहली का प्रदर्शन कमाल का रहा है। उन्होंने 55.80 के शानदार औसत से 558 रन बनाए हैं। कोहली ने साउथ अफ्रीका में 2 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं। कोहली ने भी अफ्रीकी धरती पर एक भी छक्का नहीं लगाया है। विराट साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए चुनी गई टीम में एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जो साउथ अफ्रीका में रन बनाने के मामले में टॉप-5 में हैं।
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज और इस समय बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली साउथ अफ्रीका में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें स्थान पर हैं। गांगुली ने 1996 से 2007 तक अफ्रीकी सरजमीं पर 8 टेस्ट मैच खेले और 36.14 के औसत से 506 रन बनाए। दादा भी अफ्रीकी सरजमीं पर एक भी शतक नहीं लगा पाए। बता दें, चेतेश्वर पुजारा सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में छठे स्थान पर हैं। उन्होंने 7 मैच में 31.61 के औसत से 711 रन बनाए हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स