भारत की कनाडा पर 13-1 से शानदार जीत

स्पेन ने अमेरिका को 17-0 से रौंदा
संजय की लगातार दूसरी हैटट्रिक
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बृहस्पतिवार को जूनियर हॉकी विश्व कप में न सिर्फ गोलों की बरसात हुई बल्कि चार घंटे में ही सर्वाधिक गोल से जीत दर्ज करने का नया रिकॉर्ड भी बन गया। टूर्नामेंट के दूसरे दिन शुरुआती चार मैचों में रिकॉर्ड 56 गोल हुए। अर्जेंटीना ने दिन के पहले मुकाबले में मिस्र को 14-0 से हराकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की। यह किसी टीम की टूर्नामेंट के 42 साल के इतिहास की सबसे बड़ी जीत थी। हालांकि अर्जेंटीना के नाम यह रिकॉर्ड सिर्फ चार घंटे ही रहा। 
इसके साथ यह स्पेन के नाम दर्ज हो गया। स्पेन ने अमेरिका को एकतरफा मुकाबले में 17-0 से रौंदा। स्पेन के लिए जेरार्ड क्लैप्स ने हैट्रिक सहित चार तो एडुआर्ड डी इगनासियो सिमो ने भी तीन गोल दागे। अन्य मैचों में नीदरलैंड ने दक्षिण कोरिया को 12-5 से और फ्रांस ने पोलैंड को 7-1 से पराजित किया।
फ्रांस से मिली हार से उबरते हुए गत चैंपियन भारत ने जूनियर हॉकी विश्व कप के दूसरे मैच में दमदार वापसी की। विवेक सागर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने कनाडा को एकतरफा मुकाबले में 13-1 से धो डाला। इस जीत से भारतीय टीम पूल बी में फ्रांस के बाद तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
पहले मैच में हैट्रिक दागने वाले उपकप्तान संजय (17वें, 32वें, 59वें मिनट) ने लगातार दूसरी बार तीन गोल दागे। उनके अलावा अरिजीत सिंह हुंदल (40वें, 50वें, 51वें मिनट) ने भी हैट्रिक लगाई। उत्तम सिंह (छठे, 47वें मिनट) और शारदानंद तिवारी (35वें, 53वें मिनट) ने दो-दो जबकि कप्तान विवेक (8वें मिनट), मनिंदर सिंह (27वें मिनट) और अभिषेक लाकड़ा (55वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। कनाडा के लिए एकमात्र गोल 30वें मिनट में टार्डिफ क्रिस्टोफर ने किया। भारतीय टीम अब तक दो मैचों में 17 गोल कर चुकी है।

रिलेटेड पोस्ट्स