प्रत्येक एथलीट अपनी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत: अनुराग ठाकुर

162 खिलाड़ियों और 84 कोचों को मिले साई संस्थानिक पुरस्कार
खेलपथ संवाद
नयी दिल्ली।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने 162 खिलाड़ियों और 84 कोचों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के लिये बुधवार को अपने पहले संस्थानिक पुरस्कारों से सम्मानित किया। पुरस्कार समारोह दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया जिसमें खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक उपस्थित थे। 
सभी पुरस्कार विजेताओं की प्रशंसा करते हुए, अनुराग ठाकुर ने कहा, “मैं आज सम्मानित किए गए सभी एथलीटों और प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देता हूं। खेल हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिल के बहुत करीब हैं और उनके दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए एथलीटों को कई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रत्येक एथलीट अपनी पीढ़ी के लिए एक प्रेरणास्रोत है।"
श्री ठाकुर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का एक अभिन्न अंग होने के नाते खेलों के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “जब एक छात्र की खेल से जुड़ी उपलब्धियों की घोषणा उसके स्कूल में की जाती है, तो यह अन्य छात्रों को पढ़ाई से परे देखने और अपने जीवन में खेल को शामिल करने के लिए प्रेरित करता है। यही एक एथलीट की शक्ति है। मुझे इस बात की भी खुशी है कि खेल राष्ट्रीय शिक्षा नीति का एक अभिन्न अंग बन गया है और इस नाते यह अब हर छात्र के जीवन का एक हिस्सा है।”
युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री श्री प्रमाणिक ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के वर्ष में दिए जाने वाले पुरस्कार एक यादगार अवसर है। मैं सभी विजेताओं की सफलता की कामना करता हूं। ये पुरस्कार हमारे एथलीटों और प्रशिक्षकों को इस बात के लिए आश्वस्त करने का एक तरीका है कि भारतीय खेल प्राधिकरण हमेशा उनकी सहायता के लिए तत्पर है।
दिए गए पुरस्कारों की श्रेणी में उत्कृष्ट पुरस्कार (राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के लिए) और सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार (अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के लिए) शामिल हैं। इन पुरस्कारों की चयन समिति में भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कई प्रख्यात खिलाड़ी भी शामिल थे, जिन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण के विभिन्न राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों के क्षेत्रीय निदेशकों से प्राप्त नामांकनों पर गौर किया। सभी पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र के साथ–साथ एक विशेष ब्लेजर भी प्रदान किया गया।  
इन पुरस्कारों में 85.02 लाख रुपये की नकद राशि दी गयी। पुरस्कारों के वर्गों में ‘आउटस्टैंडिंग’ पुरस्कार (राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के लिये) और सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार (अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के लिये) शामिल हैं। पुरस्कारों में 2016 से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत साई के खिलाड़ियों और कोच के बेहतरीन प्रदर्शन को देखा गया। इस तरह पुरस्कार 2016-17, 2017-18, 2018-19 और 2019-20 के लिये दिये गये।

रिलेटेड पोस्ट्स