जूनियर वर्ल्डकप में लालरेमसियामी को भारतीय महिला टीम की कमान

दक्षिण अफ्रीका में पांच दिसंबर से शुरू होगा हॉकी टूर्नामेंट
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
महिलाओं के जूनियर हॉकी वर्ल्डकप में लालरेमसियामी भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी। टोक्यो ओलम्पिक 2020 में वो भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा थीं और देश के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। इस ओलम्पिक में भारतीय महिला हॉकी टीम चौथे स्थान पर रही थी और पदक हासिल करने से चूक गई थी। जूनियर हॉकी वर्ल्डकप पांच दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा। ग्वालियर की इशिका चौधरी भारतीय टीम की उपकप्तान होंगी।
इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें शामिल हो रही हैं। 2016 में जूनियर वर्ल्डकप अपने नाम करने वाली अर्जेंटीना की टीम फिर से अपने प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी। भारत की कप्तानी लालरेमसियामी और उपकप्तानी इशिका चौधरी के कंधों पर होगी। जूनियर टीम में सलीमा टेटे और शर्मिला देवी को भी शामिल किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी भी सीनियर हॉकी टीम का हिस्सा थीं। 
महिला हॉकी टीम के कोच जेनेके शॉपमैन ने कहा "अंतिम 18 खिलाड़ियों का चयन करना काफी मुश्किल था, क्योंकि कोर 28 में शामिल सभी खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में लगातार मेहनत की है और काफी सुधार किया गया है। हालांकि हमें लगता है कि हमने एक मजबूत टीम का चयन किया है, जो जूनियर वर्ल्डकप में किसी भी टीम के साथ मुकाबला कर सकती है।"
उन्होंने आगे कहा कि सीनियर टीम की कुछ खिलाड़ियों का अनुभव और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा भारत की सबसे बेहतरीन टीम बनाती हैं। यह टीम बहुत उत्साहित है क्योंकि वो लंबे समय से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए इंतजार कर रही हैं। हम इस मौके का भरपूर फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। इस टूर्नामेंट में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2013 में रहा था। इस साल भारत ने इंग्लैंड को हराकर कांस्य पदक जीता था। 
रूस के खिलाफ होगा भारत का पहला मैच
ग्रुप सी में भारत का पहला मैच छह दिसंबर को रूस के खिलाफ होगा। इसके बाद टीम इंडिया का सामना सात दिसंबर को डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना से होगा। रॉबिन लीग में भारत का तीसरा मैच नौ दिसंबर को जापान से होगा। नॉकआउट मैचों का आयोजन 10 दिसंबर से 16 दिसंबर के बीच होगा। 
किस पूल में कौन सी टीम
ग्रुप ए- नीदरलैंड, कोरिया, आयरलैंड और जिम्बाब्वे। 
ग्रुप बी- इंग्लैंड, बेल्जियम, कनाडा और उरुग्वे। 
ग्रुप सी- अर्जेंटीना, भारत, जापान और रूस। 
ग्रुप डी- जर्मनी, स्पेन, अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका। 
भारतीय टीम: लालरेमसियामी (कप्तान), इशिका चौधरी (उपकप्तान), बिचु देवी खरीबाम (गोलकीपर), खुशबू (गोलकीपर), अक्षता अबसो ढेकाले, प्रियंका, मरीना लालरामनघाकी, अजमीना कुजूर, बलजीत कौर, रीत, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका, मुमताज खान, संगीता कुमारी, जीवन किशोरी टोप्पो। 

रिलेटेड पोस्ट्स