हरियाणा ने जीता जूनियर बालिका हॉकी का खिताब

फाइनल में मेजबान झारखंड को 3-2 से हराया
खेलपथ संवाद
रांची।
हरियाणा ने 11वीं नेशनल जूनियर बालिका हॉकी चैम्पियनशिप जीत ली है। शुक्रवार को खेले गये फाइनल मुकाबले में उसने मेजबान झारखंड को 3-2 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा कर लिया। यह प्रतियोगिता झारखंड के सिमडेगा में चल रही थी। शुक्रवार को ही कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में महाराष्ट्र ने चंडीगढ़ को 6-2 के अंतर से हरा दिया।
हरियाणा और झारखंड के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण और रोमांचक रहा। मैच के पहले क्वार्टर में झारखंड की ओर से पहला गोल किया गया, लेकिन कुछ ही मिनटों के बाद हरियाणा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में हरियाणा की टीम ने थोड़े-थोड़े अंतराल पर दो गोल दाग दिए और झारखंड की टीम को 3-1 से पीछे कर दिया। 
तीसरे क्वार्टर में झारखंड की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और फिर एक गोल करते हुए स्कोर 2-3 कर दिया, लेकिन इसके बाद झारखंड की ओर से किये गये हर आक्रमण को हरियाणा की लड़कियों ने विफल कर दिया और अंतत: मुकाबला 3-2 पर छूटा। इसके पहले कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में महाराष्ट्र ने चंडीगढ़ को 6-2 से हराया। महाराष्ट्र की ओर से उत्कर्ष नाना काले और सीताराम ने दो-दो गोल किये। इसके अलावा काजल सदाशिव और अश्वनी कोलकर ने एक-एक गोल दागे। चंडीगढ़ की ओर से खुशदीप कौर ने दो गोल किये।
बता दें कि इस प्रतियोगिता में 26 राज्यों की टीमों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था। इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। चैम्पियनशिप के फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में झारखंड के खेल मंत्री हफीजुल हसन ने विजेता-उपविजेता टीम की खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

रिलेटेड पोस्ट्स