रोहित मोर जीते, एशियाई चैम्पियन संजीत को मिली बाई

विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप
बेलग्रेड।
पदार्पण कर रहे रोहित मोर (57 किलो) ने एआईबीए पुरुष विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भारत को विजयी शुरुआत दिलाई जबकि एशियाई चैम्पियन संजीत (92 किलो) और सचिन कुमार (80 किलो) को सोमवार को घोषित ड्रॉ में पहले दौर में बाई मिली है। रोहित ने इक्वाडोर के जीन सेइसेडो को पहले दौर के एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराकर विजयी शुरुआत की। 
वह अगले दौर में बोस्निया एवं हर्जेगोविना के एलेन रहीमिच से भिड़ेंगे। सचिन 30 अक्तूबर को दूसरे दौर में अमेरिका के रॉबी गोंजालेस से खेलेंगे, वहीं संजीत का सामना 29 अक्तूबर को रूस के आंद्रे स्तोत्स्की से होगा। चैम्पियनशिप में 100 से अधिक देशों के 600 से अधिक मुक्केबाज भाग ले रहे हैं। कई वर्गों में तो क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के लिये तीन मुकाबले जीतने होंगे। पांच बार के एशियाई पदक विजेता शिवा थापा (63.5 किलो) को भी ऐसा ही वर्ग मिला है। थापा पहले दौर में केन्या के विक्टर ओ नियाडेरा से खेलेंगे। एशियाई रजत पदक विजेता दीपक कुमार (51 किलो) का सामना किर्गिस्तान के अजात उसेनालीव से होगा। पहली बार खेल रहे गोविंद सहानी (48 किलो) की टक्कर इक्वाडोर के बिली जोओ ओर्तिज से होगी। 
आकाश कुमार 54 किलोवर्ग में जर्मनी के उमर सालाह से खेलेंगे। आकाश 67 किलो में तुर्की के फुरकान एडम से खेलेंगे। वरिंदर सिंह (60 किलो) का सामना बुधवार को आर्मेनिया के कारेन टी से होगा जबकि निशात देत (71 किलो) की टक्कर हंगरी के लाज्लो कोजाक से होगी। लक्ष्य चाहर (86 किलो) का सामना कोरिया के किम हियोंगक्यू से होगा। सुमित (75 किलो) मंगलवार को जमैका के डामोन ओनील से खेलेंगे। प्लस 92 किलो में नरेंदर का सामना पोलैंड के ओस्कार सफारियान से होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स