रिटायरमेंट पर पीएम मोदी के पत्र से अभिभूत हुए रुपिंदर पाल सिंह

टोक्यो ओलम्पिक में भारत को हॉकी में जिताया था पदक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक 2021 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे रुपिंदर पाल सिंह ने शनिवार को कहा कि वह संन्यास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली प्रशंसा से अभिभूत हैं। भारत के स्टार हॉकी खिलाड़ी रहे रुपिंदर पाल सिंह ने बीते महीने 30 सितम्बर को हॉकी से संन्यास का एलान किया था। जिसके बाद पीएम मोदी ने उनके हॉकी में योगदान को देखते हुए पत्र लिखा। 
शनिवार को पूर्व हॉकी खिलाड़ी रुपिंदर पाल सिंह ने पीएम मोदी द्वारा लिखे गए प्रशंसा पत्र को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मिले इस पत्र से मैं अभिभूत हूं, एथलीटों को उनके निरंतर समर्थन ने हमें टोक्यो 2020 में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया, महोदय, मैं खेल के प्रति आपके जुनून से प्रेरित हूं और भारतीय खेलों में अपना योगदान जारी रखने की प्रतिज्ञा करता हूं। 
स्टार ड्रैगफ्लिकर द्वारा 30 सितम्बर को हॉकी से संन्यास लेने की घोषणा के बाद पीएम मोदी ने इस महीने की शुरुआत में रूपिंदर को भारतीय हॉकी में उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद देते हुए एक पत्र भेजा था। रूपिंदर, जिन्होंने टोक्यो ओलम्पिक में भारत को कांस्य पदक जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने टीम में युवाओं को मौका देने के लिए हॉकी से संन्यास लेने का फैसला किया। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र में लिखा, रूपिंदर पिछले एक दशक से भारतीय हॉकी के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं और उन्होंने देश में खेल के पुनरुत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, आपने भारतीय हॉकी के लिए जो कुछ किया है उसके लिए मैं व्यक्तिगत रूप से आपको धन्यवाद देना चाहता हूं, आप भारतीय हॉकी टीम के लिए ताकत के स्रोत रहे हैं, आप 2010 से भारत द्वारा जीते गए हर बड़े टूर्नामेंट का अभिन्न हिस्सा रहे हैं, चाहे वह एशियाई पुरुष हॉकी चैम्पियनशिप हो, पुरुष हॉकी एशिया कप हो या कॉमनवेल्थ गेम्स या फिर हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल। इसके अलावा बहुत कुछ। पीएम मोदी ने आगे लिखा, टोक्यो ओलम्पिक में भारत को ऐतिहासिक सफलता दिलाने में आपका प्रदर्शन महत्वपूर्ण था। 

रिलेटेड पोस्ट्स