पूजा बोहरा राष्ट्रीय महिला बाक्सिंग चैम्पियनशिप में दिखाएंगी दमखम

राष्ट्रीय बाक्सिंग चैम्पियनशिप में नहीं खेलेंगी लवलीना व मेरीकॉम 
खेलपथ संवाद
हिसार।
टोक्यो ओलम्पिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली मुक्केबाज पूजा बोहरा राष्ट्रीय महिला बाक्सिंग चैंपियनशिप में रिंग में उतरेंगी, लेकिन एमसी मेरीकॉम और लवलीना बोरगोहाई इस चैम्पियनशिप में नहीं दिखाई देंगी। टोक्यो ओलम्पिक में पदक जीतने के बाद लवलीना को विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में सीधे भेजने का निर्णय हो चुका है। मेरीकॉम को ट्रायल प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। हिसार में 21 अक्टूबर से राष्ट्रीय महिला चैम्पियनशिप होगी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से महिला मुक्केबाज हिस्सा लेंगी।
हरियाणा मुक्केबाजी संघ को राष्ट्रीय चैम्पियनशिप की मेजबानी मिली है, जो हिसार में आयोजित की जाएगी। इस राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में टोक्यो में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली तीन मुक्केबाजों में एक ही रिंग में उतरेगी। पूजा बोहरा इस चैम्पियनशिप में खेल रही हैं। पूजा का भार वर्ग टोक्यो में 75 था, लेकिन राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में वह 80 किलोग्राम भारवर्ग में खेल रही हैं। भारतीय मुक्केबाजी संघ ने लवलीना बोरगोहाई को टोक्यो में पदक जीतने का पुरस्कार देते हुए सीधे ही विश्व चैम्पियनशिप में भेजने का फैसला लिया है।
सामान्य तौर पर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में गोल्ड जीतने वाले मुक्केबाज को ही विश्व चैम्पियनशिप में भेजा जाता है। छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मेरीकॉम ने भी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप से हाथ खींच लिए हैं। ऐसे में 48 किलोग्राम भारवर्ग में एमसी मेरीकॉम के साथ गोल्ड मेडल जीतने वाले मुक्केबाज के साथ ट्रायल भी कराया जा सकता है। एमसी मेरीकॉम के भारवर्ग में रोहतक के रूड़की गांव की मोनिका मेडल की तगड़ी दावेदार हैं। यह बात अलग है कि मोनिका हरियाणा के बजाय रेलवे की तरफ से राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में उतरेंगी।
अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ ने इस बार 10 के बजाय 13 भारवर्ग में मुकाबले कराने का फैसला लिया है। भारतीय मुक्केबाजी संघ ने इसको लेकर सभी खेल संघों को पत्र भेजकर 13 भारवर्ग में चैम्पियनशिप करवाने के लिए अवगत करा दिया है। इसलिए हिसार में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में 13 भारवर्ग में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पूजा बोहरा ने स्टेट में 80 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए गोल्ड मेडल जीता था। राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भी वह 80 किलोग्राम भारवर्ग में ही उतरेंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स