महिला हॉकी प्रो लीग में खेलेगी भारतीय टीम

13 अक्टूबर से होगी शुरूआत
खेलपथ संवाद
लुसाने।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने कहा कि भारत और स्पेन आगामी महिला हॉकी प्रो लीग में सिर्फ इस सत्र के लिए वैकल्पिक टीमों के रूप में खेलेंगे। महिला एफआईएच हॉकी प्रो लीग का तीसरा सत्र 13 अक्टूबर से शुरू होगा। इस दिन ओलम्पिक एवं विश्व चैम्पियन नीदरलैंड की टीम बेल्जियम से भिड़ेगी।
एफआईएच ने कहा कि हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और स्पेन की महिला टीमें एफआईएच हॉकी प्रो लीग ‘हॉकी एट इट्स बेस्ट’ के तीसरे सत्र में भाग लेंगी। दोनों टीमें सिर्फ इस सत्र के लिए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की जगह लेंगी। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीमें चौथे सत्र में फिर से प्रो लीग में शामिल होंगी।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने इस लीग के साथ-साथ पिछले महीने आगामी एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप और एफआईएच हॉकी इंडोर विश्व कप से भी नाम वापस ले लिया था। उन्होंने यह फैसला अपनी-अपनी सरकारों द्वारा लगाए गए कोविड-19 संबंधित अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों को देखते हुए लिया था। भारत और स्पेन दोनों ने हाल ही में टोक्यो ओलम्पिक में शानदार प्रदर्शन किया था। 

रिलेटेड पोस्ट्स