पुरुषों की हॉकी एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी दिसम्बर तक स्थगित

बांग्लादेश हॉकी फेडरेशन ने की पुष्टि
नई दिल्ली।
इस साल अक्टूबर में ढाका में होने वाली पुरुष हॉकी एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी को दिसम्बर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। शुक्रवार को मेजबान बांग्लादेश हॉकी महासंघ ने इसकी जानकारी देते हुए पुष्टि की। बीएचएफ ने कहा, हॉकी एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी को दिसम्बर तक के लिए स्थगित किया जाता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मेल का जवाब देते हुए बांग्लादेश हॉकी महासंघ ने लिखा, हॉकी एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का आयोजन अब 12 दिसम्बर 2021 से किया जाएगा। यह निर्णय कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए लिया गया है क्योंकि उपमहाद्वीप में कोविड की स्थिति संतोषजनक नहीं है, यात्रा प्रतिबंध और कठोर क्वारंटीन नियम अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के आयोजन के लिए आदर्श नहीं हैं।
इस दौरान एशियन हॉकी महासंघ के मु्ख्य कार्यकारी तैयब इकराम से इस मामले में कई बार सम्पर्क किया लेकिन उनसे कोई जवाब नहीं मिला। एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट का आयोजन 1 से 9 अक्तूबर के बीच होना था। पुरुष एशियन चैम्पियनशिप स्थगित होने के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि महिलाओं की चैम्पियंस ट्रॉफी भी स्थगित की जाएगी। लेकिन अभी तक इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। महिलाओं का यह टूर्नामेंट 24 से 31 अक्टूबर के दरम्यान दक्षिण कोरिया में प्रस्तावित है। 

रिलेटेड पोस्ट्स