प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उनके उपहारों की नीलामी

नीरज चोपड़ा के भाले पर अभी तक लगी एक करोड़ 20 लाख की बोली
हॉकी टीम की स्टिक खरीदने का भी मौका
सुहास के रैकेट में लोगों ने दिखाई दिलचस्पी
नई दिल्ली।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 71 बरस के हो गए। उनके जन्मदिन के मौके पर मिनिस्ट्री ऑफ कल्चर पीएम को मिले उपहारों का ऑनलाइन ऑक्शन (ई-ऑक्शन) कर रही है। ऑनलाइन ऑक्शन 17 सितम्बर से सात अक्टूबर तक चलेगा। इस ऑक्शन में करीब 1300 आइटम होंगे, उनमें से एक ओलम्पिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा का जेवलिन भी शामिल है, जिसका बेस प्राइस 1 करोड़ रखा गया है। इनमें और भी बहुत से मोमेंटो होंगे जो प्रधानमंत्री ने पिछले दो सालों में महत्वपूर्ण कार्यों के दौरान हासिल किए हैं।
ई-ऑक्शन आज से शुरू हो गया है और ताजा अपडेट के मुताबिक टोक्यो पैरालिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले सुहास एलवाई के रैकेट की बोली 10 करोड़ तक लग चुकी है और नीरज चोपड़ा के जेवलिन के बोली भी 1 करोड़ 20 लाख तक लग चुकी है। बॉक्सर लवलीना बोरगोहेने के ग्लव्स की बोली भी 1 करोड़ 80 लाख के पार हो चुकी है।
नीरज के जेवलिन के साथ-साथ पैरालम्पिक खेलों में भारत के लिए गोल्ड जीतने वाले सुमित अंतिल के जेवलिन का बेस प्राइज भी करीब 1 करोड़ रुपए रखा गया है। इस ऑक्शन में पैरालम्पिक खेलों में गोल्ड और ब्रॉन्ज जीतने वाली शूटर अवनि लेखरा की साइन की हुई टी-शर्ट भी शामिल है। ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम की स्टिक का बेस प्राइस 80 लाख रुपए रखा गया है। ब्रॉन्ज मेडलिस्ट बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन के बॉक्सिंग ग्लव्स का बेस प्राइस भी 80 लाख रुपए है।
पैरालिंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्णा नागर के हस्ताक्षर किए हुए रैकेट का बेस प्राइस 80 लाख रुपए रखा गया है। ई-ऑक्शन में कुछ अन्य खिलाड़ियों के स्पोर्ट्स गियर और कुछ इक्विपमेंट्स भी शामिल हैं।
राम मंदिर का मॉडल भी शामिल
इन गिफ्ट्स में CM योगी आदित्यनाथ का दिया गया अयोध्या राम मंदिर का मॉडल भी शामिल है। राम मंदिर मॉडल का बेस प्राइस 10 लाख रुपए है। उत्तराखंड के टूरिज्म मिनिस्टर सतपाल महाराज का दिया गया वुडन रेप्लिका भी इसमें शामिल है। इसकी बेस प्राइस 5 लाख रुपए है।
नमामि गंगे मिशन को दान की जाएगी राशि
ई-ऑक्शन से मिलने वाली राशि नमामि गंगे मिशन के लिए दान की जाएगी। इससे पहले 2019 में भी सितंबर में नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट ने बहुत सारी चीजों का ऑनलाइन ऑक्शन किया था और उसकी राशि भी नमामि गंगे मिशन को दान की गई थी। जो भी व्यक्ति इस ई-ऑक्शन में भाग लेना चाहता है वह pmmementos.gov.in पर जाकर रजिस्टर कर सकता है।

रिलेटेड पोस्ट्स