ऐशबाग भोपाल में दादी-नानी की हॉकी का दिखा जलवा

57 साल में पहली बार सिविल सेवा टूर्नामेंट में उतरेगी एमपी की महिला टीम
अधिकतर खिलाड़ियों की उम्र 55 के पार
खेलपथ संवाद
भोपाल।
टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद देशभर में हॉकी का जुनून सर चढ़कर बोल रहा है। एक बार फिर से इस खूबसूरत खेल की दीवानगी बढ़ी हुई है, यही कारण है कि अब लोगों ने फिर से हॉकी की तरफ से रुख करना शुरू कर दिया है। ऐसा ही कुछ मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में देखने को मिला जब मंगलवार को ऐशबाग स्टेडियम में 17 महिलाएं हॉकी के साथ मैदान में उतरीं। 
खास बात ये कि सभी खिलाड़ियों की उम्र 55 से 61 साल के बीच थी। सिर्फ दो खिलाड़ी ऐसी थीं, जिनकी उम्र 49 साल रही। इनमें से अधिकतर खिलाड़ी अब दादी और नानी बन चुकी हैं। सभी महिला खिलाड़ी खेल कोटे से सरकारी नौकरी में हैं, इनमें 9 शिक्षिका, 7 अधिकारी और एक लेखापाल हैं। ये सभी यहां मध्यप्रदेश सिविल हॉकी टीम के ट्रायल में पहुंची थीं। इस दौरान इनका जोश और जज्बा देख सभी को अखिल भारतीय सिविल सेवा हॉकी टूर्नामेंट के लिए मध्यप्रदेश की टीम में सिलेक्ट कर लिया गया।
बता दें कि इस बार अखिल भारतीय सिविल सेवा हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 23 सितम्बर से होने जा रहा है और इस टूर्नामेंट के 57 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब मध्यप्रदेश की टीम इसमें शिरकत करेगी।
इस टूर्नामेंट की शुरुआत 1964 में हुई थी। इसमें देशभर के शासकीय कर्मचारी और अधिकारी अपने-अपने राज्यों की टीमों का प्रतिनिधित्व करते हैं। यही नहीं केंद्र सरकार के विभाग भी इसमें शामिल होते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स