दिल्ली स्टेट एथलेटिक्स मीट में छाये छत्रसाल स्टेडियम के खिलाड़ी

नौ स्वर्ण, 10 रजत, छह कांस्य पदक सहित 25 पदकों पर किया कब्जा

उभरती एथलीट तरनजीत कौर ने 100 और 200 मीटर दौड़ में जीते स्वर्ण

श्रीप्रकाश शुक्ला

नई दिल्ली। 81वीं दिल्ली स्टेट एथलेटिक्स मीट में छत्रसाल स्टेडियम में प्रशिक्षक सुनीता राय की देखरेख में अपना कौशल निखारने वाले एथलीटों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए नौ स्वर्ण, 10 रजत, छह कांस्य पदक सहित कुल 25 पदकों पर किया कब्जा जमाया। इस एथलेटिक्स मीट में उभरती एथलीट तरनजीत कौर ने 100 और 200 मीटर दौड़ में नए कीर्तिमान के साथ स्वर्णिम सफलता हासिल की।

तीन से छह सितम्बर, 2021 तक जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुई 81वीं दिल्ली स्टेट एथलेटिक्स मीट में छत्रसाल स्टेडियम के एथलीट छाए रहे। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में उभरती एथलीट तरनजीत कौर ने अण्डर-20 आयुवर्ग में 100 और 200 मीटर दौड़ में नए कीर्तिमान के साथ स्वर्ण पदक से अपना गला सजाया। तरनजीत कौर ने 100 मीटर दौड़ 11.75 सेकेंड तो 200 मीटर दौड़ 24.24 सेकेंड में पूरी की। अण्डर-16 आयु वर्ग में छत्रसाल स्टेडियम की ही रितु बांगरी ने 100 मीटर दौड़ 12.96 सेकेंड में पूरी कर स्वर्ण पदक जीता तो अण्डर-18 आयु वर्ग में शीतल कुमारी 100 मीटर में स्वर्ण तो 200 मीटर में कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। निशू सिंह ने 200 मीटर में चांदी का पदक जीता।

अण्डर-18 आयु वर्ग में दिया ने 100 मीटर दौड़ में कांस्य तो 200 मीटर दौड़ में रजत पदक पर कब्जा जमाया। इसी आयु वर्ग की 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़ों में निशा ने चांदी के तमगे जीते। अण्डर-20 आयु वर्ग की ऊंचीकूद में ज्योत्सना को रजत तो पारुल को जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक मिला। होनहार हर्षिता नारायण अण्डर-16 आयु वर्ग की लम्बीकूद में चौथे स्थान पर रहीं। इसी तरह अण्डर-18 आयु वर्ग में ज्योति कुमारी को 100 मीटर दौड़ में चौथा स्थान मिला। श्वेता ठाकुर 100 मीटर दौड़ में छठे तथा लम्बीकूद में चौथे स्थान पर रहीं। गुंजन को 100 मीटर हर्डल में पांचवां स्थान मिला।

लड़कियों की ही तरह इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में छत्रसाल स्टेडियम के लड़कों ने भी कमाल का प्रदर्शन किया। अंशुल ने 200 मीटर दौड़ 21.91 सेकेंड में पूरी कर जहां स्वर्ण पदक जीता वहीं आदित्य राज सिंह ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्णिम सफलता हासिल की। अण्डर-18 आयु वर्ग में नरेन्द्र ने 11.18 सेकेंड समय के साथ 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता तो 22.59 सेकेंड समय के साथ 200 मीटर दौड़ में चांदी के तमगे से अपना गला सजाया। अण्डर-18 आयु वर्ग में मोहम्मद आमिर ने 22.51 सेकेंड समय के साथ 200 मीटर दौड़ में स्वर्णिम सफलता हासिल की। इसी आयु वर्ग में अरमान अहमद ने 48.99 सेकेंड समय के साथ 400 मीटर दौड़ में अपनी जीत का परचम फहराया।

अण्डर-20 आयु वर्ग में मोनू झा ने 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक तो 200 मीटर दौड़ में चांदी का तमगा हासिल किया। अण्डर-18 आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सुभाष प्रजापति ने रजत पदक हासिल किया। विशाल ने 5000 मीटर दौड़ में कांस्य तो 10,000 मीटर दौड़ में चांदी के पदक से अपना गला सजाया। इसी आयु वर्ग में महेश 400 मीटर हर्डल में कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। अण्डर-14 आयु वर्ग की लम्बीकूद में पवन ने सिल्वर मेडल जीता।

क्या कहती हैं प्रशिक्षक सुनीता राय

81वीं दिल्ली स्टेट एथलेटिक्स मीट में छत्रसाल स्टेडियम के बालक-बालिका एथलीटों के प्रदर्शन पर प्रशिक्षक सुनीता राय का कहना है कि कोरोना संक्रमण के चलते लम्बे समय तक खेल गतिविधियां ठप थीं ऐसे में एथलीटों के इस प्रदर्शन को बेहतर ही कहा जाएगा। प्रशिक्षक सुनीता राय तरनजीत कौर के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं लेकिन इनका मानना है कि इसमें अभी और सुधार की गुंजाइश है।    

 

    

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स