अवनि का सोने के बाद कांसे पर निशाना

निशानेबाजी में रचा इतिहास, पैरालम्पिक में दो मेडल जीतने वाली पहली खिलाड़ी
50 मीटर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
अवनि लेखरा ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल की पी-3 एसएच-1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस दौरान उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर निशाना साधा। टोक्यो पैरालम्पिक में अवनि का यह दूसरा पदक है। इससे पहले वह गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। एक पैरालम्पिक में दो मेडल जीतने वाली अवनि भारत की पहली खिलाड़ी हैं।
नोएडा के जिलाधिकारी सुहास एलवाई बैडमिंटन में पुरुष सिंगल्स के एसएल-4 स्पर्धा के ग्रुप ए मैच में धमाकेदार जीत दर्ज की। उन्होंने इस मैच में फ्रांस के खिलाड़ी लुकास माजरु को शिकस्त दी। इसके अलावा पुरुषों की ऊंची कूद टी-64 स्पर्धा में भारत के एथलीट प्रवीण कुमार ने रजत पदक जीता वही, मनोज सरकार बैडमिंटन में पुरुष सिंगल्स की एसएल-3 स्प्रर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने इस मुकाबले में यूक्रेन के अलेक्जेंडर चिरकोव को 2-0 से शिकस्त दी। 
प्राची यादव महिलाओं की कैनो स्प्रिंट स्पर्धा के फाइनल से बाहर हो गईं। वह महिला सिंगल्स के 200 मीटर वीएल-2 स्पर्धा के फाइनल में आठवें स्थान पर रहीं। तीरंदाजी में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन स्पर्धा में हरविंदर सिंह अंतिम आठ में जगह बनाने में सफल रहे। इसके अलावा बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास एलवाई पुरुष सिेंगल्स एसएल-4 स्पर्धा में अपना दूसरा मुकाबला जीतने में सफल रहे। इस मैच में उन्होंने इंडोनेशिया के खिलाड़ी को 2-0 से हराया। वहीं, तरुण ढिल्लन भी अपना बैडमिंटन मैच जीतने में सफल रहे। जबकि, बैडमिंटन महिला डबल्स में भारत की पारुल परमार और पलक कोहली की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें फ्रांस की फॉस्टिन नोएल और लेनिग मोरिन ने सीधे सेटों में 2-0 से हराया। फ्रांस ने यह मुकाबला 21-12 और 22-20 से जीता।
टोक्यो पैरालम्पिक में आज 10वां दिन है जोकि भारत के नजरिए से काफी महत्वपूर्ण है। भारत के कई एथलीट बैडमिंटन, निशानेबाजी, स्विमिंग, कैनो स्प्रिंट, तीरंदाजी, एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश करेंगे। इन सभी एथलीटों से बेहतर प्रदर्शन के अलावा पदक की उम्मीद रहेगी। बीते नौंवे दिन कुछ भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन कर मेडल जीतने की उम्मीद बनाए रखी। पैरालम्पिक में बीते दो दिनों से कोई भी भारतीय एथलीट पदक नहीं जीत पाया था। 

रिलेटेड पोस्ट्स